पलामू (झारखंड) में बैटरी चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या, मॉब लिंचिंग से फैली सनसनी

Spread the love

पलामू, झारखंड  : झारखंड के पलामू जिला में मॉब लिंचिंग की एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। पड़वा थाना क्षेत्र के तेलियाही गांव में बैटरी चोरी के शक में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर बेरहमी से पीट दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात गांव में खड़े एक ट्रैक्टर से बैटरी चोरी की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान ग्रामीणों ने एक युवक को मौके पर पकड़ लिया। आरोप है कि युवक को रस्सी से बांधकर उसके साथ जमकर मारपीट की गई। बाद में यह बात जांच में सामने आयी कि युवक चालक का काम करता था तथा अपनी प्रेमिका से मिलने गया था। पकड़े जाने पर प्रेमिका के घर वालों की पिटाई में उसकी मौत हो गयी।

घटना की सूचना मिलते ही पड़वा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया। हालांकि युवक की हालत बेहद गंभीर थी और अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान पड़वा थाना क्षेत्र के मुरमा गांव निवासी मनोज राम के पुत्र पवन राम के रूप में हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में दो को गिरफ्तार भी किया गया है ।

रविवार सुबह करीब 8 बजे घटना की आधिकारिक पुष्टि की गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव और चर्चा का माहौल बना हुआ है।