रामगढ़ प्रखंड और शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 661 अभ्यर्थियां रहीं अनुपस्थित
रामगढ़ कैंट, झारखंड : जिले में गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) बहाली प्रक्रिया के तहत बुधवार को सिद्धू-कान्हू मैदान में रामगढ़ प्रखंड एवं शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित परीक्षा में दोनों क्षेत्रों की कुल 1,769 अभ्यर्थियों में से 1,108 ने भाग लिया, जबकि 661 अभ्यर्थियां अनुपस्थित रहीं।
रामगढ़ प्रखंड में 273 अभ्यर्थियों ने लिया भाग
रामगढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 428 अभ्यर्थी निर्धारित थीं। इनमें से 273 ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 155 अनुपस्थित रहीं।
शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र में 835 अभ्यर्थियां शामिल
शहरी गैर-तकनीकी क्षेत्र की महिला अभ्यर्थियों के लिए कुल 1,341 अभ्यर्थी निर्धारित थीं। इनमें से 835 ने परीक्षा दी, जबकि 506 अभ्यर्थियां अनुपस्थित रहीं।
सुरक्षा और पारदर्शिता के रहे पुख्ता इंतजाम
बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई थीं। अभ्यर्थियों के प्रवेश और निकास, सुरक्षा एवं अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया गया। सिद्धू-कान्हू मैदान स्थित परीक्षा स्थल पर केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश की अनुमति दी गई। वहीं, परीक्षा केंद्र के अंदर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर प्रतिबंध लागू रहा।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों ने अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। जिला प्रशासन की ओर से पूरी प्रक्रिया की लगातार निगरानी की गई।
अब 5 नवंबर को शहरी तकनीकी क्षेत्र की परीक्षा
निर्धारित संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, 5 नवंबर 2026 को शहरी तकनीकी क्षेत्र के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके बाद 6 नवंबर को पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों की परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी अभ्यर्थियों से अपनी निर्धारित परीक्षा तिथि एवं समय की जानकारी प्राप्त कर समय पर परीक्षा स्थल पहुंचने तथा बहाली से संबंधित सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन ने पूरी बहाली प्रक्रिया निष्पक्ष, पारदर्शी, शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त तरीके से संपन्न कराने की प्रतिबद्धता दोहराई है।