झारखंड स्टेट बार काउंसिल को मिले नए अध्यक्ष, अभय कुमार चतुर्वेदी ने पांच वोटों से दर्ज की जीत

Spread the love

रिंकू भकत बनी उपाध्यक्ष, प्रशांत कुमार सिंह ने बीसीआई सदस्य पद पर फिर हासिल की सफलता

रांची, झारखंड  : झारखंड स्टेट बार काउंसिल के नए पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न हो गया है। बुधवार को हुए मतदान और मतगणना के बाद अभय कुमार चतुर्वेदी को काउंसिल का नया अध्यक्ष चुना गया। उन्होंने अध्यक्ष पद के मुकाबले में निलेश कुमार को पांच मतों से हराया। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर रिंकू भकत ने जीत हासिल की। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (बीसीआई) के सदस्य पद पर प्रशांत कुमार सिंह ने दोबारा निर्वाचित होकर अपनी जगह कायम रखी।

अध्यक्ष पद के लिए अभय कुमार चतुर्वेदी और निलेश कुमार आमने-सामने थे। मतगणना में अभय कुमार चतुर्वेदी को 15 वोट मिले, जबकि निलेश कुमार को 10 मत प्राप्त हुए। एक मत खाली रहा। इस प्रकार अभय कुमार चतुर्वेदी ने स्पष्ट अंतर से जीत दर्ज की।

रिंकू भकत ने उपाध्यक्ष पद पर मारी बाजी

उपाध्यक्ष पद के लिए चार प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। इसमें रिंकू भकत को सबसे अधिक 10 मत प्राप्त हुए और उन्हें विजेता घोषित किया गया। दूसरे स्थान पर रहे एमके श्रीवास्तव को नौ वोट मिले। वहीं, मधुलता को चार तथा अनिल महतो को दो मत प्राप्त हुए।

प्रशांत कुमार सिंह का बीसीआई में दोबारा निर्वाचन

बार काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य पद के चुनाव में प्रशांत कुमार सिंह ने 18 मत हासिल कर जीत दर्ज की। उनके मुकाबले में मनोज कुमार को सात और संजय कुमार विद्रोही को एक वोट मिला। इस जीत के साथ प्रशांत कुमार सिंह ने बीसीआई में अपना प्रतिनिधित्व बरकरार रखा।

26 मतदाताओं ने लिया चुनाव में हिस्सा

चुनाव की प्रक्रिया बुधवार सुबह 11:15 बजे मतदान के साथ शुरू हुई। झारखंड स्टेट बार काउंसिल के 25 सदस्यों के साथ राज्य के महाधिवक्ता रोहिताश्य रॉय ने भी मतदान किया। कुल 26 मतदाताओं ने चुनाव में भाग लिया। मतदान के बाद मतों की गिनती की गई और मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी न्यायमूर्ति अंबुज नाथ ने परिणामों की आधिकारिक घोषणा की।

परिणाम घोषित होने के बाद काउंसिल परिसर में विजयी प्रत्याशियों को बधाई देने का सिलसिला शुरू हो गया। समर्थकों और अधिवक्ताओं ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को फूल-मालाएं पहनाकर शुभकामनाएं दीं।