वृंदावन पोलीडॉक अस्पताल की बड़ी उपलब्धि – झारखंड में पहली बार फेफड़े और डायाफ्राम का लेप्रोस्कोपी से सफल ऑपरेशन

Spread the love

रामगढ़, झारखंड: रामगढ़ स्थित वृंदावन POLYDOC अस्पताल ने चिकित्सा क्षेत्र में एक बड़ी सफलता दर्ज की है। यहां एक दुर्लभ और जटिल स्थिति में फंसे 30 वर्षीय राहुल शर्मा का फेफड़े और डायाफ्राम का सफल ऑपरेशन अत्याधुनिक लेप्रोस्कोपी (दूरबीन विधि) से किया गया।

गंभीर स्थिति में पहुंचे अस्पताल, फेफड़े और डायाफ्राम तक चाकू की मार

दिनांक 20 मई को रामगढ़ मेन रोड पर राहुल शर्मा पर चाकू से हमला हुआ, जिससे चाकू की धार उनकी बाईं छाती को चीरते हुए फेफड़े और डायाफ्राम को भेदती हुई पेट तक पहुंच गई। अस्पताल में लाए जाने तक उनकी स्थिति गंभीर हो चुकी थी — Tension Pneumothorax की अवस्था बन चुकी थी, जिसमें फेफड़ों से निकलने वाली हवा और रक्त छाती में भरकर दिल और दूसरे फेफड़े को दबाने लगते हैं।

तत्काल आईसीडी डालकर जान बचाई गई

आपातकालीन स्थिति को समझते हुए डॉक्टरों की टीम ने तुरंत ICD (इंटरकोस्टल ड्रेन) ट्यूब डालकर दबाव कम किया और मरीज की जान बचाई। लेकिन अगले दिन खाना देने पर उल्टी की शिकायत के बाद दोबारा CT-Scan में डायाफ्राम की फटने की पुष्टि हुई, जिससे आंत छाती में घुसकर फंस गई थी — एक दुर्लभ स्थिति जिसे आमतौर पर बड़े अस्पतालों में ओपन सर्जरी से ही ठीक किया जाता है।

झारखंड में पहली बार लेप्रोस्कोपी से हुआ जटिल ऑपरेशन

POLYDOC अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने जोखिम उठाते हुए इस ऑपरेशन को तीन छोटे छेदों द्वारा लेप्रोस्कोपी तकनीक से किया। ऑपरेशन में:

  • छाती में फंसी आंत को सावधानी से बाहर निकाला गया

  • फेफड़ों के क्षतिग्रस्त हिस्सों को हटाया गया

  • डायाफ्राम की फटी हुई दीवार को सिलकर ठीक किया गया

इस तकनीक की वजह से मरीज को कम दर्द हुआ और 48 घंटे में ही वेंटिलेटर से बाहर लाया गया।

आज स्वस्थ होकर अपने घर गए मरीज

राहुल शर्मा अब पूरी तरह से स्वस्थ हैं और अस्पताल से चलकर अपने घर लौट चुके हैं। माना जा रहा है कि झारखंड में इस तरह का पहला ऑपरेशन है जिसे दूरबीन विधि से सफलता पूर्वक किया गया।

ऑपरेशन टीम में शामिल रहे:

  • डॉ. कौशल कुमार (क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट)

  • डॉ. शक्ति (क्रिटिकल केयर स्पेशलिस्ट)

  • डॉ. अजीत (एडवांस्ड लेप्रोस्कोपिक सर्जन)

  • डॉ. राजेश, डॉ. आनंद, डॉ. आकांक्षा (ICU चिकित्सक)

  • OT एवं ICU की पूरी टीम