रामगढ़ में पेंशनरों के लिए डिजिटल बैंकिंग जागरूकता एवं जीवन प्रमाण पत्र शिविर आयोजित, एसबीआई ने मौके पर बनाए डिजिटल प्रमाण पत्र

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : बुजुर्ग पेंशनरों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ आसानी से उपलब्ध कराने और डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र बनाने की प्रक्रिया को सरल बनाने के उद्देश्य से रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज के जिला कार्यालय, पुराना अनुमंडल परिसर में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इसमें भारतीय स्टेट बैंक के मुख्य शाखा प्रबंधक प्रत्यूष कुमार एवं उप प्रबंधक विवेक सिंह अपनी टीम के साथ शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने की।

शिविर में मुख्य शाखा प्रबंधक प्रत्यूष कुमार ने उपस्थित पेंशनरों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक डिजिटल बैंकिंग की जानकारी दी। उन्होंने अपनी टीम के साथ व्यावहारिक प्रदर्शन के माध्यम से बताया कि पेंशनभोगी किस प्रकार घर बैठे स्मार्टफोन अथवा नजदीकी बैंकिंग सुविधा के माध्यम से अपना डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर सकते हैं।

मौके पर ही बनाए गए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र

शिविर में केवल जानकारी देने तक ही कार्यक्रम सीमित नहीं रहा, बल्कि बैंक अधिकारियों एवं उनकी टीम ने उपस्थित पेंशनरों के डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र मौके पर ही ऑनलाइन तैयार किए। इसके बाद प्रमाण पत्रों को बैंक की प्रणाली में सफलतापूर्वक जमा भी कराया गया। इससे विशेष रूप से उन बुजुर्ग और अस्वस्थ पेंशनरों को राहत मिली, जिन्हें जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए बैंक तक पहुंचने में परेशानी होती है।

बैंक अधिकारियों की पहल की सराहना

इस अवसर पर जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह ने मुख्य शाखा प्रबंधक प्रत्यूष कुमार एवं उनकी पूरी टीम का स्वागत करते हुए भारतीय स्टेट बैंक की इस पहल की सराहना की। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र और अस्वस्थता के कारण बुजुर्ग पेंशनरों के लिए बैंक जाना कई बार चुनौतीपूर्ण हो जाता है। ऐसे में मुख्य शाखा प्रबंधक का अपनी टीम के साथ स्वयं शिविर में पहुंचना और मौके पर ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार कर जमा करवाना बैंक की संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि बैंक केवल वित्तीय लेन-देन करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि बुजुर्ग नागरिकों और पेंशनरों के प्रति भी उसकी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इस पहल से समाज के कई बीमार और अस्वस्थ पेंशनर साथियों को बड़ी मानसिक एवं शारीरिक राहत मिली है। इसके लिए रामगढ़ जिला पेंशनर कल्याण समाज भारतीय स्टेट बैंक के अधिकारियों एवं उनकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करता है।

जिला अध्यक्ष ने सभी पेंशनरों से डिजिटल तकनीक अपनाने के साथ-साथ साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील भी की।

बड़ी संख्या में पेंशनर एवं समाज के पदाधिकारी रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष आशुतोष कुमार सिंह, उपाध्यक्ष वृंदावन सिंह, सचिव छोटू लाल मोदी, कोषाध्यक्ष छुन्नू साहू, संस्थापक संरक्षक एवं बिहार स्वास्थ्य सेवा के पूर्व उपनिदेशक डॉ. डीसी राम, बलराम सिंह, पन्ना लाल राम, शिवशंकर मोदी, दिलीप साहा, रामगढ़ प्रखंड अध्यक्ष देवशरण महतो, सत्येंद्र प्रसाद, ऋषिदेव चौधरी, माननारायण सिंह, तुला राम महतो, गजाधर साहू, कृष्णा प्रसाद, महावीर राम दास, बसंत कुमार, संजय सिन्हा, सुधीर तिवारी, रामप्रसाद महतो एवं रतन गोस्वामी उपस्थित थे।

इसके अलावा चितरपुर प्रखंड अध्यक्ष पन्नू रजक, सचिव रामानंदन प्रसाद, दसइया प्रसाद, उमा साहू, बासुदेव प्रसाद तथा दुलमी प्रखंड सचिव कुंजलाल करमाली, रेशम महतो, मधुसूदन साहू, बासुदेव प्रसाद एवं शिवानंद पाठक सहित अन्य पेंशनर मौजूद रहे।