श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़ में तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य समापन, नेहरू हाउस बना ओवरऑल विजेता

Spread the love

रामगढ़ कैंट,  (झारखंड) : श्री कृष्ण विद्या मंदिर, रामगढ़ में आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता का समापन आज दिनांक 31 दिसंबर 2025, बुधवार को उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह के मुख्य अतिथि पुलिस निरीक्षक सह रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे थे। विद्यालय पहुंचने पर मुख्य अतिथि का स्वागत बुके एवं शॉल भेंट कर किया गया।

मंच पर विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता), उपाध्यक्ष बजरंग लाल अग्रवाल, सचिव विमल किशोर जाजू, सहसचिव अशोक अग्रवाल, कोषाध्यक्ष रमेश अग्रवाल एवं समिति के वरिष्ठ सदस्य महावीर प्रसाद अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। समापन दिवस पर अंडर 14, 17 एवं 19 आयु वर्ग के लड़के एवं लड़कियों के बीच रिले रेस एवं टग ऑफ वार प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिनमें बच्चों ने जोरदार उत्साह और अनुशासन के साथ हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सहित सभी अतिथिगण बच्चों के प्रदर्शन एवं खेल भावना से प्रभावित दिखे। सैकड़ों अभिभावकों ने उपस्थित होकर तालियों से बच्चों का हौसला बढ़ाया। मुख्य अतिथि ने विभिन्न प्रतियोगिताओं का उद्घाटन हरी झंडी दिखाकर किया। समापन पर विजेता खिलाड़ियों को मेडल, शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। सत्र 2025-26 के वार्षिक खेलकूद में ओवरऑल उपविजेता सुभाष हाउस तथा विजेता नेहरू हाउस घोषित किया गया।

मुख्य अतिथि नवीन प्रकाश पांडे ने बच्चों की खेल भावना की सराहना करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ खेल भी जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा है। उन्होंने नव वर्ष की शुभकामनाएँ दीं। विद्यालय अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने मुख्य अतिथि सहित सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार प्रकट किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में खेल शिक्षक मनोरंजन चौधरी सहित सभी शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों का योगदान सराहनीय रहा।