रामगढ़ में बीवाइएसटी-एचबीएसएफ मेंटर–मेंटी गेट-टुगेदर का सफल आयोजन, उद्यमिता को बढ़ावा और संवाद को मिली नई दिशा

Spread the love

रामगढ़ ( झारखंड) : भारतीय युवा शक्ति ट्रस्ट (बीवाइएसटी-एचबीएसएफ) रामगढ़ क्लस्टर की ओर से मेंटर–मेंटी गेट-टुगेदर कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्यमिता को बढ़ावा देना, युवाओं को प्रोत्साहित करना और मेंटर्स एवं मेंटीज के बीच अनुभव, विचार और मार्गदर्शन के आदान–प्रदान को मजबूत बनाना रहा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा प्रबंधक बिजय कुमार ने की, जबकि संचालन सुमन पाठक ने किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रोफेसर संजय सिंह उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथि नीरज पाठक, सीटू सिंह सलूजा एवं मनोहर कुमार रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में युवाओं को नवाचार, आत्मनिर्भरता एवं निरंतर सीखने की प्रेरणा देते हुए कहा कि सशक्त मेंटरशिप से युवा अपने व्यवसायिक सफर में नई ऊंचाइयों को छू सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मेंटर्स और मेंटीज के बीच खुला संवाद सत्र आयोजित हुआ, जिसमें व्यवसाय से जुड़े अवसरों, चुनौतियों और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए और विशेषज्ञों से महत्वपूर्ण सुझाव प्राप्त किए। कुल 65 प्रतिभागियों ने इस गेट-टुगेदर में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी ऐसे प्रेरणादायक आयोजन जारी रखने की बात कही। इस मौके पर संतोष चावला, मुझ्झफर हुसैन, धीरज कुमार ठाकुर, राजेश साह, बिनोद जायसवाल, नीतू देवी, कैलाश कुमार, मुकुल सहज, सुनील कुमार, संदीप कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित थे। इस आयोजन को युवाओं के सशक्तिकरण और उद्यमिता को बढ़ाने की दिशा में सराहा गया।