सीटू से संबद्ध राष्ट्रीय प्रगतिशील वर्कर्स यूनियन की अहम बैठक, 32वां स्थापना दिवस और संगठन मजबूती के प्रस्ताव पारित

Spread the love

रामगढ़ कैंट, (झारखंड) : सीटू से संबद्ध राष्ट्रीय प्रगतिशील वर्कर्स यूनियन की महत्वपूर्ण बैठक 28 दिसंबर 2025 को चित्रगुप्त निवास, छत्तरमाण्डू, रामगढ़ में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय उपाध्यक्ष नूतन बाला सहाय ने की, जबकि संचालन सहायक महामंत्री विशेश्वर ठाकुर ने किया। बैठक में संगठन के 32वें स्थापना दिवस के कार्यक्रम, संगठन विस्तार, सदस्यता शुल्क एवं अनुशासन व्यवस्था से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए संगठन के महामंत्री ओम प्रकाश सिन्हा ने संगठन हित में कई प्रस्ताव रखे, जिन्हें उपस्थित पदाधिकारियों ने चर्चा के बाद सर्वसम्मति से पारित किया। प्रस्तावों के अनुसार, सीटू से संबद्ध राष्ट्रीय प्रगतिशील वर्कर्स यूनियन का 32वां स्थापना दिवस आगामी दिनों में भव्य रूप से मनाया जाएगा, जिसमें सीटू राज्य कमेटी झारखंड के महासचिव कामरेड विश्वजीत देव मुख्य अतिथि होंगे। यह कार्यक्रम संयुक्त रूप से बरका सायाल क्षेत्रीय कार्यालय, सेंट्रल सौन्दा में आयोजित किया जाएगा।

बैठक में निर्णय लिया गया कि वर्ष 2026–2030 के लिए केंद्रीय समिति का पुनर्गठन किया जाएगा, जिसमें निष्क्रिय पदाधिकारियों को पदमुक्त कर सक्रिय सदस्यों को शामिल किया जाएगा। साथ ही वर्ष 2025 की सदस्यता शुल्क एवं सदस्यता सूची 15 फरवरी 2026 तक केंद्रीय कार्यालय में जमा करना अनिवार्य किया गया, अन्यथा संबंधित शाखाओं को भंग कर नए जिम्मेदार साथियों को प्रभार सौंपा जाएगा।

इसके अलावा शाखा, क्षेत्रीय एवं केंद्रीय कमेटियों की बैठक हर तीन माह में अनिवार्य रूप से आयोजित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में संगठन के अनुशासन, मजबूती और विस्तार पर विशेष बल दिया गया।

इस महत्वपूर्ण बैठक में रोहित प्रकाश, मनोज गुप्ता, जगरन्नाथ पासवान, आजाद भुईयाँ, सुरेश प्रसाद सिन्हा, वीणा सिन्हा, मुन्नी सिंह, गोपाल प्रसाद, रमेश बेदिया, छोटू मुंडा, निधि नम्रता सोरेंग, नसरुल्लाह मल्लिक, गोविंद करमाली, सुरेश महतो, इंद्रजीत पटेल सहित कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।