रामगढ़ के 20 विद्यालयों और छठ घाटों पर मना गंगा उत्सव, स्वच्छता अभियान चलाकर दिया जल संरक्षण का संदेश

Spread the love

निबंध और चित्रकला प्रतियोगिता के साथ निकाली गई जागरूकता रैली, छठ घाटों की भी हुई साफ-सफाई

रामगढ़ कैंट, झारखंड : नमामि गंगे परियोजना के अंतर्गत गंगा उत्सव के अवसर पर रामगढ़ जिले के 20 विद्यालयों एवं विभिन्न छठ घाटों पर जागरूकता और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को नदियों, तालाबों तथा अन्य जलस्रोतों के संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न विद्यालयों में निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसके साथ ही स्वच्छता अभियान चलाने के साथ जागरूकता रैली भी निकाली गई। प्रतियोगिताओं और अन्य गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को जलस्रोतों के महत्व, उनके संरक्षण और स्वच्छ पर्यावरण की आवश्यकता की जानकारी दी गई।

वहीं, जिले के विभिन्न छठ घाटों पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसके तहत घाटों और आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। अभियान में शामिल लोगों को स्वच्छता की शपथ दिलाई गई तथा जलस्रोतों को प्रदूषण मुक्त रखने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की गई।

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों और आम नागरिकों को जल संरक्षण एवं स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही सामुदायिक सहभागिता के जरिए जलस्रोतों को स्वच्छ और सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।