श्री कृष्ण विद्या मंदिर की शैली सिमरन ने जिला स्तरीय कविता लेखन प्रतियोगिता में हासिल किया प्रथम स्थान

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : श्री कृष्ण विद्या मंदिर की कक्षा 12वीं (विज्ञान संकाय) की छात्रा शैली सिमरन ने राष्ट्रीय युवा महोत्सव के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय कविता लेखन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं जिले का नाम रोशन किया है।

शैली सिमरन, दिलीप पासवान एवं सीमा देवी की सुपुत्री हैं। 4 नवंबर को मैक्स इंस्टीट्यूट ऑफ टीचर ट्रेनिंग कॉलेज, रामगढ़ में आयोजित इस प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के अनेक युवा प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। अपनी रचनात्मक प्रतिभा, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और लेखन कौशल के दम पर शैली ने सभी प्रतिभागियों के बीच प्रथम स्थान हासिल किया।

इस उपलब्धि पर गुरुवार को विद्यालय की प्रातःकालीन सभा में शैली को सम्मानित किया गया। प्राचार्या गुरप्रीत कौर, उप-प्राचार्य विजय तिवारी एवं कक्षा शिक्षिका रंजू सिंह ने उसे सम्मानित कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान शैली के माता-पिता भी मंच पर उपस्थित रहे। उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए बेटी की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त किया।

विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल (अधिवक्ता) ने भी शैली की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी की ऐसी उपलब्धियां समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। यह गर्व की बात है कि विद्यालय के विद्यार्थी विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर पहचान बना रहे हैं।