कस्तूरबा इंटर महिला महाविद्यालय के शासी निकाय की बैठक में कई अहम फैसले, छात्राओं की संख्या बढ़ाने पर जोर

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड : शहर के बरकाकाना मार्ग स्थित कस्तूरबा इंटर महिला महाविद्यालय के शासी निकाय की बैठक गुरुवार को आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता रामगढ़ विधायक एवं महाविद्यालय की अध्यक्ष ममता देवी ने की। बैठक का संचालन महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. उमा सेनगुप्ता ने किया।

महाविद्यालय के सत्र 2025-26 के अनुदान वितरण सहित संस्थान के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर बैठक में विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक की जानकारी देते हुए प्राचार्या डॉ. उमा सेनगुप्ता ने बताया कि महाविद्यालय के चतुर्मुखी विकास को लेकर सदस्यों ने अपने विचार रखे। बैठक में छात्राओं की संख्या बढ़ाने तथा महाविद्यालय के कार्यालय का पूर्ण कंप्यूटरीकरण करने का निर्णय लिया गया। इससे कार्यालयीन कार्यों को अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक बनाने में मदद मिलेगी।

बैठक में महाविद्यालय के समग्र विकास, प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने और छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।

इस अवसर पर शासी निकाय की अध्यक्ष विधायक ममता देवी, सचिव देवनाथ सिंह, प्राचार्या डॉ. उमा सेनगुप्ता, शिक्षक प्रतिनिधि डॉ. शशिधर कुमार, झारखंड एकेडमिक काउंसिल (जैक) प्रतिनिधि डॉ. राधा रमन साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।