पटना से आया श्रद्धालु तेज बहाव में बहा, NDRF की टीम भी नहीं खोज सकी युवक का सुराग
रजरप्पा, रामगढ़ : झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मां छिन्नमस्तिका मंदिर (रजरप्पा) के पास स्थित भैरवी नदी में एक दुर्भाग्यपूर्ण हादसा हुआ है। बिहार के पटना से दर्शन के लिए आए एक युवक शशि कुमार की तेज बहाव में बह जाने की खबर है। स्नान के दौरान युवक नदी की धारा में बह गया और अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, युवक नदी में लापता हो चुका था।
क्या हुआ हादसे में?
परिजनों के अनुसार, पटना के अतवारपुर निवासी शशि कुमार अपने परिवार के साथ मां छिन्नमस्तिका मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए आया था। पूजा से पहले स्नान के लिए वे भैरवी नदी पहुंचे, जहां तेज बहाव की चपेट में आकर देखते ही देखते नदी में समा गया।
स्थानीय दुकानदारों और गोताखोरों ने तुरंत खोजबीन शुरू की, लेकिन असफल रहे। बताया जाता है कि स्नान से पहले युवक काफी खुश था तथा सेल्फी लिया था।
NDRF टीम भी नहीं ढूंढ सकी
घटना की सूचना मिलते ही रजरप्पा पुलिस मौके पर पहुंची। प्रशासन ने तेनुघाट, बोकारो से NDRF की आठ सदस्यीय टीम को बुलाया। टीम ने करीब 5 घंटे तक भैरवी और दामोदर नदी में तलाशी अभियान चलाया, लेकिन युवक का अब तक समाचार लिखे जाने तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

परिजनों का बुरा हाल
घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोग भी गहरे दुख में हैं। नदी किनारे अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से युवक की खोजबीन का कार्य लगातार जारी है।