पटना (बिहार) : बिहार विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन सदन ने सर्वसम्मति से प्रेम कुमार को अपना नया अध्यक्ष चुन लिया। उनके निर्विरोध चयन की घोषणा होते ही सदन में मौजूद सदस्यों ने उत्साहपूर्वक नारे लगाए।
अध्यक्ष पद पर आसीन कराने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव स्वयं उन्हें सदन की कुर्सी तक लेकर गए। यह दृश्य राजनीतिक सद्भाव का प्रतीक रहा।
सीएम ने दी बधाई, नए अध्यक्ष के अनुभव की सराहना
चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नए अध्यक्ष को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि प्रेम कुमार का लंबा संसदीय अनुभव सदन को सुचारू रूप से चलाने में मदद करेगा। उन्होंने सदस्यों से खड़े होकर नए अध्यक्ष का अभिनंदन करने की अपील भी की।
पाँच विधायकों ने आज ली शपथ
सत्र के पहले दिन 7 सदस्यों की शपथ बाकी रह गई थी। शुक्रवार को इनमें से 5 विधायकों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। आज शपथ लेने वाले विधायक मदन सहनी, विनय बिहारी, जीवेश मिश्रा, केदार नाथ सिंह, डॉ. सुनील कुमार हैं ।
वहीं कुचायकोट के विधायक अमरेंद्र कुमार पांडेय और मोकामा के अनंत सिंह आज भी सदन से अनुपस्थित रहे।