विधायक निर्मल महतो और उपायुक्त ऋतुराज ने किया शुभारंभ, युवाओं को जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराने की पहल
गोला (रामगढ़), झारखंड : जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी हुनर परियोजना के तहत पीवीयूएनएल पतरातू के सहयोग से आईटीआई गोला में सीएनसी (कंप्यूटराइज्ड न्यूमेरिकल कंट्रोल) मशीनिस्ट प्रशिक्षण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मांडू विधायक निर्मल महतो एवं उपायुक्त ऋतुराज शामिल हुए।
इस दौरान पीएम विश्वकर्मा योजना के तहत गोल्ड स्मिथ (सुनार) ट्रेड में प्रशिक्षण पूरा करने वाले 18 प्रशिक्षणार्थियों के बीच प्रमाण पत्र वितरित किए गए। इस पहल का उद्देश्य जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण देकर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक निर्मल महतो ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार सृजन के लिए जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं का तकनीकी रूप से दक्ष होना जरूरी है। हुनर परियोजना के माध्यम से स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने की पहल सराहनीय है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से प्राप्त ज्ञान और कौशल का बेहतर उपयोग कर अपना भविष्य संवारने की अपील की।
उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि जिले के युवाओं को रोजगार के लिए बाहर नहीं जाना पड़े और उन्हें स्थानीय स्तर पर ही बेहतर अवसर मिलें, इसी उद्देश्य से हुनर परियोजना शुरू की गई है। इसके तहत स्थानीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों की आवश्यकताओं के अनुरूप युवाओं को विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण देकर जिले में ही रोजगार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि आने वाले समय में रोजगार के स्वरूप में तेजी से बदलाव होगा। ऐसे में युवाओं को अपने हुनर और तकनीकी दक्षता को लगातार विकसित करना होगा। जिला प्रशासन भविष्य की जरूरतों को देखते हुए ड्रोन टेक्नोलॉजी और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू करने की दिशा में भी काम कर रहा है।
19 नवंबर को होगा जिला स्तरीय औद्योगिक सम्मेलन
उपायुक्त ने बताया कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से आगामी 19 नवंबर को जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें जिले के विभिन्न औद्योगिक प्रतिष्ठानों, आईटीआई गोला और संबंधित संस्थानों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन में उद्योगों की वर्तमान एवं भविष्य की जरूरतों को समझकर उसी अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने और रोजगार से जोड़ने की रणनीति तैयार की जाएगी।
आईटीआई गोला के प्रशिक्षुओं ने हासिल की उपलब्धियां
कार्यक्रम में आईटीआई गोला के प्रशिक्षणार्थियों की उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई। संस्थान के प्रशिक्षुओं ने राज्य और जिला स्तर पर बेहतर प्रदर्शन किया है।
-
रोहित मुंडा ने वेल्डर ट्रेड में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
-
जूही कुमारी ने टर्नर ट्रेड में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
-
प्रदीप टुडू ने आईटीआई मशीनिस्ट ट्रेड में राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
-
मिथुन महतो ने टर्नर ट्रेड में जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया।