रामगढ़ के बंगाली टोला में स्थापित तीनों मां काली की प्रतिमाओं का एक साथ हुआ विसर्जन, दशकों पुरानी परंपरा निभाई गयी

Spread the love

 रामगढ़ कैंट, झारखंड : रामगढ़ शहर सहित पूरे जिले में मां काली पूजा के अवसर पर स्थापित प्रतिमाओं का सोमवार को श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ विसर्जन किया गया। इस दौरान रामगढ़ शहर के बंगाली टोला में स्थापित मां काली की तीनों प्रतिमाओं बड़ी काली, मंझली काली और छोटकी काली का एक साथ विसर्जन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा रहा।

बंगाली टोला में मां काली की तीनों प्रतिमाओं की स्थापना और पूजा-अर्चना की परंपरा कई दशकों पुरानी है। बताया जाता है कि जमींदारी के दौर से ही यहां बड़ी काली, मंझली काली और छोटकी काली की प्रतिमाएं स्थापित कर सामूहिक रूप से पूजा करने की परंपरा चली आ रही है। आज भी स्थानीय लोग पूरी श्रद्धा और परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ इस आयोजन को निभाते आ रहे हैं।

सोमवार को विसर्जन के अवसर पर बाजे-गाजे के साथ भव्य जुलूस निकाला गया। जुलूस में पुरुषों के साथ महिलाओं की भी बड़ी भागीदारी रही। श्रद्धालु मां काली के जयकारे लगाते हुए विसर्जन यात्रा में शामिल हुए। पूरे रास्ते भक्तिमय वातावरण बना रहा।

पुरानी परंपराओं का निर्वहन करते हुए विधि-विधान के साथ मां काली की प्रतिमाओं का बिजुलिया तालाब सहित अन्य जलस्रोतों में विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां काली से क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना की।

बंगाली टोला में तीनों प्रतिमाओं का एक साथ विसर्जन रामगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपरा की विशिष्ट पहचान को दर्शाता है। दशकों से चली आ रही यह परंपरा आज भी लोगों की आस्था और सामूहिक सहभागिता के साथ जीवंत है।