केरेडारी कोल ट्रांसपोर्ट रूट पर रातों-रात खड़ी हुई दीवार, सैकड़ों हाइवा फंसे, परिवहन ठप

Spread the love

खडी की गयी दीवार

हजारीबाग / केरेडारी, झारखंड : जिले के केरेडारी क्षेत्र में कोयला परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाले प्रमुख मार्ग पर बीती रात अज्ञात लोगों ने करीब पांच फीट ऊंची मजबूत चाहरदीवारी खड़ी कर दी। अचानक खड़ी कर दी गई इस दीवार के कारण सड़क पूरी तरह बंद हो गई है और मार्ग पर घंटों से यातायात ठप पड़ा है। परिणामस्वरूप कोयला लोड किए सैकड़ों हाइवा ट्रक रास्ते में फंस गए हैं और लंबी कतार लग गई है।

जानकारी के अनुसार, 1 जनवरी की छुट्टी के दौरान ट्रांसपोर्टिंग बंद थी। 2 जनवरी की सुबह जब फिर से परिवहन कार्य शुरू हुआ, तो ड्राइवरों ने देखा कि मुख्य ट्रांसपोर्टिंग रूट के बीचों-बीच ईंट और सीमेंट से बनी मजबूत दीवार खड़ी कर दी गई है, जिसने दोनों ओर से मार्ग को पूरी तरह अवरुद्ध कर दिया।

स्थानीय लोगों का अनुमान है कि नए साल की छुट्टी का फायदा उठाकर रात के अंधेरे में योजनाबद्ध तरीके से इस निर्माण को अंजाम दिया गया। इस घटना के कारण खनन और ट्रांसपोर्टिंग गतिविधियाँ प्रभावित हो गई हैं।

वाहन चालकों और ट्रांसपोर्टरों ने प्रशासन से जल्द कार्रवाई कर मार्ग को खुलवाने और अवरोध पैदा करने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की मांग की है।