नववर्ष 2026 के पहले दिन धार्मिक स्थलों, पतरातू डैम व पार्कों में उमड़ी भारी भीड़, लोगों ने पूजा-अर्चना और सैर-सपाटे का लिया आनंद

Spread the love

पतरातू डैम के किनारे जुटे लोग

ब्रिगेडियर पुरी पार्क में जुटे लोग

रामगढ़ कैंट, झारखंड : नववर्ष 2026 के पहले दिन गुरुवार को पूरे रामगढ़ जिला (झारखंड) में लोगों ने हर्षोल्लास के साथ नए साल का स्वागत किया। जिले के धार्मिक स्थलों, पतरातू डैम परिसर और विभिन्न पार्कों में सुबह से ही भीड़ उमड़ पड़ी। लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर नए वर्ष के मंगलमय होने की कामना की।

रजरप्पा मंदिर में माता छिन्नमस्तिका की पूजा के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी रही। यहां झारखंड के विभिन्न जिलों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। वहीं भरेचनगर स्थित टूटी झरना, रामगढ़ के माता वैष्णो देवी मंदिर, बाबा श्याम मंदिर, बंजारी क्षेत्र स्थित वनदुर्गा मंदिर और कुजू क्षेत्र के चरण पहाड़ी मंदिर में भी भारी भीड़ देखी गई।

जिले के मुख्य पर्यटन स्थल पतरातू डैम में लोगों की अभूतपूर्व भीड़ रही। लोगों ने परिवार के साथ वनभोज का आनंद लिया और नौका विहार के लिए लंबी लाइनें लगी रहीं। पतरातू घाटी में भी लोगों ने प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठाया। यहां रामगढ़ के अलावा रांची और राज्य के विभिन्न जिलों से लोग पहुंचे।

इसके अलावा रामगढ़ के ब्रिगेडियर पुरी पार्क, समाहरणालय स्थित मौलाना अबुल कलाम आज़ाद पार्क समेत अन्य पार्कों में भी लोग पहुंचे और पूरे दिन सैर-सपाटा, झूला और मनोरंजन का आनंद लेते रहे। सड़कों पर भी पूरे दिन रौनक बनी रही और युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।