नावा बाजार (पलामू), झारखंड : पलामू जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पति ने अपनी प्रेमिका के साथ मिलकर पत्नी की हत्या कर दी और शव को गड्ढे में दफन कर दिया। मामले का खुलासा तब हुआ जब मृतका प्रियंका कुमारी के परिजनों ने उसकी अचानक गुमशुदगी को संदिग्ध मानते हुए पुलिस से शिकायत दर्ज कराई।
जानकारी के अनुसार, विश्रामपुर थाना क्षेत्र के ओखला गाँव की रहने वाली प्रियंका कुमारी पिछले कई दिनों से लापता थी। परिवार वालों ने आशंका जताई थी कि उसकी हत्या कर शव को छुपाने की साजिश रची गई है। पुलिस की जांच में मामला गंभीर निकला और सुराग मिलने पर टीम नावा बाजार थाना क्षेत्र के तुकवेरा स्थित डरौना गाँव पहुँची।
दंडाधिकारी की उपस्थिति में पुलिस ने खुदाई कर प्रियंका का शव बरामद किया। प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि पति रंजीत मेहता और उसकी प्रेमिका ने मिलकर इस घटना को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि प्रेमिका की निगरानी में पहले जेसीबी से गड्ढा खुदवाया गया, जिसके बाद शव को दफनाने के साथ शक न हो इसलिए वहां कुत्ते का शव भी दफनाया गया।
2019 में हुई प्रियंका की शादी के बाद से उसे कथित रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और पति का प्रेम प्रसंग जारी था। घटना के बाद दोनों आरोपी फरार बताए जा रहे हैं।
नावा बाजार थाना प्रभारी संजय कुमार यादव ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच जारी है और आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।