रामगढ़ (झारखंड) :रामगढ़ कैंट प्रधान डाकघर में भारतीय डाक कर्मचारी महासंघ (ग्रुप-सी) के झारखंड प्रदेश परिमंडलीय सचिव प्रभात रंजन के आगमन पर डाक कर्मचारियों ने उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत कार्यक्रम का नेतृत्व सहायक डाकपाल रविशंकर राय ने किया।
इस अवसर पर जिले के विभिन्न डाकघरों से आए कर्मचारियों ने अपनी-अपनी समस्याओं से परिमंडलीय सचिव को अवगत कराया।
राष्ट्रहित, विभाग हित और कर्मचारी हित में कार्य करता है संगठन
प्रभात रंजन ने कहा कि भारतीय डाक कर्मचारी संघ, भारतीय मजदूर संघ (बीएमएस) से संबद्ध देश का एक प्रमुख कर्मचारी संगठन है, जो राष्ट्रहित, विभाग हित और कर्मचारी हित में कार्य करता है। उन्होंने कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वरीय अधिकारियों से वार्ता कर शीघ्र कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारियों का कर्तव्य है कि वे समय पर, अनुशासित रहकर विभाग हित और जनहित में कार्य करें। उन्होंने कहा, “विभाग है तो हम हैं, इसलिए सबसे पहले विभाग को अपनी सेवा देना चाहिए।”
डाकघर परिसर में दोपहिया वाहन शेड निर्माण की मांग
सहायक डाकपाल रविशंकर राय ने रामगढ़ कैंट प्रधान डाकघर के मुख्य भवन के दाहिनी ओर खाली पड़ी जमीन पर कर्मचारियों और खाताधारकों के दोपहिया वाहनों के लिए शेड निर्माण की मांग रखी। इस पर प्रभात रंजन ने वरीय अधिकारियों से शीघ्र वार्ता कर निर्माण कार्य शुरू कराने का भरोसा दिया। उपस्थित सभी कर्मचारियों ने इस मांग का समर्थन किया।
सम्मान समारोह में कई डाककर्मी रहे उपस्थित
अभिनंदन सह सम्मान समारोह में प्रभारी डाकपाल रामखेलावन चौधरी, अरुण कुमार सिंह, शंभु दत्त सिंह, त्रिदेव प्रियदर्शी, संतोष कुमार, राजकपूर कुमार, विकास कुमार, अंकित कुमार, बिट्टू कुमार, चंदन कुमार महतो, सौरव कुमार, बीरबल बेदिया, रोहित कुमार, अरजलाल महतो, संतोष मुंडा, प्रदीप कुमार सहित कई डाककर्मी उपस्थित रहे।
सभी कर्मचारियों ने प्रभात रंजन के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि डाक कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।