रामगढ़ कैंट, झारखंड : पटेल चौक से कुजू नया मोड़ तक निर्माणाधीन सड़क की गुणवत्ता को लेकर रामगढ़ चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने चिंता जताई है। चैम्बर ने उपायुक्त ऋतुराज को पत्र लिखकर सड़क निर्माण कार्य की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष तकनीकी जांच कराने की मांग की है।
चैम्बर अध्यक्ष मंजीत सहानी ने कहा कि सड़क निर्माण में निर्धारित गुणवत्ता मानकों की अनदेखी और निम्नस्तरीय सामग्री के इस्तेमाल की शिकायतें मिल रही हैं। स्थिति यह है कि निर्माण कार्य पूरा होने के कुछ ही दिनों बाद कई जगहों पर सड़क उखड़ने लगी है और गड्ढे बनने लगे हैं। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण पर सरकार लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करती है, ताकि आम लोगों को बेहतर और टिकाऊ आवागमन की सुविधा मिल सके। लेकिन यदि निर्माण में ही गुणवत्ता से समझौता किया जाता है, तो यह सरकारी राशि के संभावित दुरुपयोग के साथ-साथ आम नागरिकों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है।
चैम्बर ने जिला प्रशासन से मांग की है कि अब तक हुए निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए। इसके साथ ही निर्माण में इस्तेमाल की गई सामग्री के नमूने लेकर प्रयोगशाला में उनकी गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित की जाए। यदि जांच में अनियमितता या निर्धारित मानकों की अनदेखी सामने आती है, तो संबंधित संवेदक और जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। साथ ही खराब हो चुके निर्माण कार्य को दुरुस्त कर सड़क का निर्माण निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाए।
चैम्बर के मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी मानु ने कहा कि सड़क निर्माण जैसे जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। सरकारी राशि का सही उपयोग सुनिश्चित करना और जनता को मजबूत, सुरक्षित एवं टिकाऊ सड़क उपलब्ध कराना प्रशासन की जिम्मेदारी है।
चैम्बर ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन मामले की गंभीरता को देखते हुए शीघ्र संज्ञान लेगा और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करेगा।