सांसद की फर्जी पहचान बनाकर पुणे के व्यवसायी से लाखों की ठगी, धनबाद के भागा से बबलू गिरफ्तार

Spread the love

धनबाद, झारखंड : राजनीतिक पहचान का सहारा लेकर ठगी करने के मामले में पुणे पुलिस को धनबाद में सफलता मिली है। धनबाद का सांसद होने का दावा कर पुणे के एक कारोबारी से 12 लाख रुपये से अधिक की रकम वसूलने के आरोप में पुणे क्राइम ब्रांच ने भागा निवासी बबलू को गिरफ्तार किया है। आरोपी की गिरफ्तारी जोड़ापोखर थाना क्षेत्र से की गई।

मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने पुणे के शिवाजीनगर में रहने वाले एक व्यवसायी को धनबाद में सामूहिक विवाह और अन्य बड़े सामाजिक आयोजनों की योजना बताकर अपने झांसे में लिया था। खुद को सांसद बताकर उसने कारोबारी के सामने ऐसा भरोसा कायम किया कि वह अलग-अलग किस्तों में 12 लाख रुपये से अधिक की रकम दे बैठा।

काफी इंतजार के बाद भी जब बताए गए कार्यक्रमों को लेकर कोई गतिविधि नहीं हुई, तो कारोबारी ने पूरे मामले की शिकायत पुणे पुलिस से की। इसके आधार पर कांड संख्या 270/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच में एक मोबाइल फोन के इस्तेमाल से पुलिस को आरोपी तक पहुंचने का सुराग मिला। बताया जाता है कि बबलू बातचीत के लिए अलग-अलग लोगों के मोबाइल फोन इस्तेमाल करता था। इनमें एक किशोरी का मोबाइल भी शामिल था। मोबाइल की जांच के बाद पुलिस किशोरी तक पहुंची। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर जांच टीम ने धनबाद में छापेमारी की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया था। इनमें एक किशोरी भी शामिल थी। पूछताछ के बाद तीन लोगों को छोड़ दिया गया, जबकि बबलू को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस अब इस बात का पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने फर्जी राजनीतिक पहचान के जरिए कितने लोगों को निशाना बनाया और ठगी की कुल रकम कितनी है। मंगलवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। आगे की पूछताछ के लिए पुणे क्राइम ब्रांच उसे रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है।