रामगढ़, झारखंड : रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ एवं ललिता नेत्रालय रामगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार, 28 सितंबर को रामगढ़ स्थित विभा इंटरनेशनल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में करीब 150 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई।
ललिता नेत्रालय रामगढ़ के चिकित्सकों एवं तकनीकी टीम ने आधुनिक उपकरणों की सहायता से विद्यार्थियों की आंखों की विस्तृत जांच की। जांच के बाद विद्यार्थियों को आवश्यक परामर्श भी दिया गया।
रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ के अध्यक्ष राजेश मोदी, सचिव आशीष दास एवं पूर्व अध्यक्षा कांता सोबती ने संयुक्त रूप से कहा कि क्लब का उद्देश्य केवल सेवा कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक नियमित स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। इसी उद्देश्य के तहत बच्चों एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ आंखों से संबंधित बीमारियों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
अध्यक्ष राजेश मोदी ने कहा कि “मानव सेवा ही सबसे बड़ा धर्म है।” इसी भावना के साथ भविष्य में भी जरूरतमंद लोगों के लिए स्वास्थ्य एवं जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विद्यालय के प्रधानाचार्य ने रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ की इस पहल की सराहना की। स्कूल प्रबंधन की ओर से प्रधानाचार्य ने रोटरी क्लब के अध्यक्ष राजेश मोदी, सचिव आशीष दास एवं पूर्व अध्यक्षा कांता सोबती को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।
शिविर में चिकित्सक डॉ. प्रणव कुमार तिवारी, राम किशोर, उपेंद्र कुमार सिंह, बाल भूषण मिश्रा, कुमार सौरभ, सीमा झा, अंजली सोनी एवं पूजा बंदोपाध्याय के साथ रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ के केयरटेकर नरेश कुमार तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने सहयोग किया।
कार्यक्रम की जानकारी रोटरी क्लब ऑफ रामगढ़ के मीडिया प्रभारी अमरेश गणक ने दी।