दिल्ली के झारखंड भवन की लिफ्ट में फंसा पूर्व सांसद का परिवार, छह लोगों की तबीयत बिगड़ी

Spread the love

नई दिल्ली / पलामू (झारखंड)   दिल्ली स्थित झारखंड भवन में पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम के परिवार के साथ लिफ्ट में फंसने की घटना सामने आई है। बताया गया कि परिवार के छह सदस्य काफी देर तक लिफ्ट में फंसे रहे। इस दौरान तबीयत बिगड़ने के कारण सभी बेहोश हो गए। बाद में उन्हें बाहर निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है

घटना 29 सितंबर की बताई जा रही है। पूर्व सांसद घूरन राम के अनुसार, परिवार के सदस्य झारखंड भवन की लिफ्ट में काफी समय तक फंसे रहे। इस दौरान लिफ्ट को बाहर से खोलने के लिए कोई इंजीनियर या तकनीकी कर्मचारी मौके पर मौजूद नहीं था।

बताया गया कि काफी प्रयास के बाद झारखंड भवन के रेस्टोरेंट में काम करने वाले कर्मचारियों ने लिफ्ट को खोलकर अंदर फंसे लोगों को बाहर निकाला। लंबे समय तक लिफ्ट में फंसे रहने के कारण पूर्व सांसद के बेटे और बहू समेत परिवार के छह सदस्यों की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए।

घटना के बाद सभी को दिल्ली के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।

पूर्व सांसद घूरन राम ने घटना को लेकर झारखंड भवन की व्यवस्था पर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि पुराने झारखंड भवन में आवश्यक सुविधाओं का अभाव है और वहां पर्याप्त कर्मचारी भी उपलब्ध नहीं रहते। उन्होंने कहा कि समय पर मदद नहीं मिलने के कारण परिवार के सदस्यों की जान पर भी खतरा उत्पन्न हो सकता था।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू और गढ़वा क्षेत्र के लोगों ने पूर्व सांसद से संपर्क कर घटना पर चिंता जताई और परिवार के सदस्यों के स्वास्थ्य की जानकारी ली। पूर्व सांसद का परिवार फिलहाल दिल्ली में ही है।

घूरन राम मूल रूप से गढ़वा जिले के रहने वाले हैं। वर्ष 2007 में पलामू लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल के टिकट पर चुनाव जीतकर संसद में प्रतिनिधित्व किया था। वर्तमान में वह भारतीय जनता पार्टी से जुड़े हैं।