रामगढ़ कैंट, झारखंड : आगामी दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त रामगढ़ ऋतुराज, पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत एवं छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों और संबंधित पदाधिकारियों के साथ पूजा आयोजन की तैयारियों, विधि-व्यवस्था, सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने पूजा समितियों के सदस्यों से उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
पूजा समितियों को उपायुक्त के निर्देश
उपायुक्त ऋतुराज ने सभी पूजा समितियों को अपने सदस्यों के साथ बैठक कर आयोजन से जुड़ी व्यवस्थाओं की पूर्व समीक्षा करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि उच्च न्यायालय के आदेश एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप ही डीजे का इस्तेमाल किया जाए।
उन्होंने कहा कि अनुमंडल दंडाधिकारी रामगढ़ कृष्ण मुरारी तिर्की से आवश्यक अनुमति प्राप्त किए बिना किसी भी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पूजा समिति को पंडाल के आसपास किसी नजदीकी अस्पताल अथवा मेडिकल सेंटर को टैग करते हुए प्राथमिक उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
स्वच्छता एवं विधि-व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए उपायुक्त ने बताया कि अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित समिति द्वारा स्वच्छता और विधि-व्यवस्था के मानकों के आधार पर उत्कृष्ट पंडाल का चयन किया जाएगा। चयनित पूजा समिति को पुरस्कृत भी किया जाएगा।
सभी पूजा समितियों को निर्धारित मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करते हुए 10 अक्टूबर तक निर्धारित प्रारूप में शपथ-पत्र उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसपी ने दिए निर्देश
पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने सभी लाइसेंसी एवं गैर-लाइसेंसी पूजा पंडालों में पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी पंडालों में सीसीटीवी कैमरा एवं कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा इसकी व्यवस्था से संबंधित प्रमाण-पत्र संबंधित थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने को कहा गया।
उन्होंने संभावित आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए पंडालों में आवश्यक अग्निशमन उपकरण एवं अन्य सुरक्षा प्रबंध अनिवार्य रूप से रखने का निर्देश दिया। इसकी उपलब्धता का प्रमाण-पत्र भी संबंधित थाना प्रभारी को देना होगा।
पंडालों में विद्युत वायरिंग की सुरक्षा जांच कराने और उसका प्रमाण-पत्र थाना प्रभारी को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया। पंडालों एवं आसपास की दुकानों का संचालन उपलब्ध स्थान और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए करने को कहा गया, ताकि श्रद्धालुओं के आवागमन में परेशानी न हो।
सभी पूजा पंडालों में पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया, ताकि जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं तक तत्काल आवश्यक सूचना पहुंचाई जा सके।
एसपी ने अभिभावकों से अपील की कि पूजा घूमने के दौरान बच्चों की जेब में एक पर्ची रखें, जिसमें बच्चे का नाम, पिता का नाम, पूरा पता और परिवार के किसी सदस्य का मोबाइल नंबर अंकित हो। इससे बच्चों के बिछड़ने की स्थिति में उनकी पहचान और परिजनों से संपर्क करने में आसानी होगी।
उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि भीड़ और यातायात को ध्यान में रखते हुए यथासंभव पैदल पूजा पंडालों तक पहुंचें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी यातायात निर्देशों का पालन करें।
स्वच्छता और प्लास्टिक पर भी विशेष जोर
छावनी परिषद के अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने पूजा समितियों को भंडारा एवं प्रसाद वितरण के दौरान थर्माकोल और प्लास्टिक से बने दोना-पत्तल अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री का इस्तेमाल नहीं करने का निर्देश दिया। पंडालों के आसपास पर्याप्त संख्या में डस्टबिन रखने और कचरे का उचित निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने पंडालों के आसपास अनियंत्रित रूप से दुकानें लगाने से बचने तथा निर्धारित स्थानों पर ही दुकानों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। विशेष रूप से झंडा चौक और स्टेडियम के आसपास निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसके अलावा डीजे का संचालन निर्धारित समय एवं मानकों के अनुसार करने तथा देर रात तक डीजे नहीं बजाने का निर्देश दिया गया। पूजा समाप्त होने के बाद पंडाल एवं सजावट में इस्तेमाल स्ट्रक्चर को जल्द हटाकर सार्वजनिक स्थलों को पूर्व स्थिति में लाने को कहा गया।
सोशल मीडिया पर 24 घंटे नजर
जिला प्रशासन की सोशल मीडिया टीम द्वारा 24 घंटे सोशल मीडिया पर नजर रखी जाएगी। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी असत्यापित खबर या अफवाह को साझा नहीं करें और ऐसी किसी सामग्री के प्रसार से बचें।
बैठक में पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने प्रशासन एवं पुलिस के साथ पूर्ण समन्वय स्थापित कर शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गा पूजा संपन्न कराने का आश्वासन दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता समर्थ रामगढ़ मनिंदर भगत, रविंद्र कुमार गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अकरम रजा, एसडीपीओ आलोक रंजन, सभी अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी एवं पूजा समितियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।