मुख्यमंत्री की माता के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर 18 अक्टूबर को गोला में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक

Spread the love

नेमरा में विधि-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन ने जारी किए निर्देश

नेमरा (रामगढ़),  झारखंड :  मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दिवंगत माता के श्राद्ध कार्यक्रम को लेकर 18 अक्टूबर 2026 को रामगढ़ जिले के गोला प्रखंड अंतर्गत नेमरा गांव में बड़ी संख्या में विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों और आमजनों के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए सुरक्षा, विधि-व्यवस्था संधारण और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए प्रशासन ने भारी, व्यावसायिक एवं मालवाहक वाहनों के परिचालन पर रोक लगाने का निर्णय लिया है।

निर्धारित व्यवस्था के तहत 18 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक संबंधित मार्गों पर भारी वाहनों, व्यावसायिक वाहनों एवं मालवाहक वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

इन मार्गों पर रहेगा नो एंट्री

  1. बोकारो-रामगढ़ सीमा (पेटरवार-गोला) से डीवीसी चौक, गोला तक।
  2. डीवीसी चौक, गोला से रामगढ़-बोकारो सीमा (गोला-पेटरवार) तक।
  3. रांची-रामगढ़ सीमा (सिल्ली-बरलंगा) से डीवीसी चौक, गोला तक।
  4. डीवीसी चौक, गोला से रामगढ़-रांची सीमा (बरलंगा-सिल्ली) तक।
  5. रामगढ़-गोला रोड पर चितरपुर ओवरब्रिज से डीवीसी चौक, गोला तक।
  6. डीवीसी चौक, गोला से चितरपुर ओवरब्रिज तक।
  7. कोईया डैम, गोला से डीवीसी चौक, गोला तक।
  8. डीवीसी चौक, गोला से कोईया डैम, गोला तक।

प्रशासन की ओर से यह व्यवस्था श्राद्ध कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा सुनिश्चित करने, यातायात के दबाव को नियंत्रित करने तथा आम लोगों और कार्यक्रम में शामिल होने वाले अतिथियों के आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से की गई है। वाहन चालकों से निर्धारित प्रतिबंधों का पालन करने की अपील की गई है।