माता वैष्णो देवी मंदिर में सजी माता की चौकी, भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु

Spread the love

रामगढ़ कैंट, झारखंड  :   शहर के झंडा चौक स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर में शारदीय नवरात्र के अवसर पर शनिवार को पंजाबी हिंदू बिरादरी एवं माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के तत्वावधान में माता की चौकी सजाई गई। इस दौरान भक्ति गीतों और माता रानी के जयकारों से मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

श्री श्याम मंडल रामगढ़ के भजन गायक ध्रुव सिंह ने गणेश वंदना के साथ माता की चौकी का शुभारंभ किया। इसके बाद मंडली के प्रसिद्ध भजन गायक कमल बगड़िया ने ‘प्यारा सजा है तेरा दरबार भवानी’, ‘दे दो थोड़ा प्यार मैया, तेरा क्या घट जाएगा, यह बालक भी तर जाएगा’ और ‘मां शेरावाली की ज्योत जली है’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु झूम उठे और माता रानी के जयकारे लगाते नजर आए।

इससे पूर्व माता की चौकी में माता वैष्णो देवी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुरत चन्द्र वासुदेव एवं सचिव महेश मारवाह की मौजूदगी में पंडित किशोर शर्मा ने यजमान मोहित धमीजा और उनकी पत्नी चांदनी धमीजा को विधिवत पूजन कराया। इसके बाद यजमान ने माता रानी का जयकारा लगाते हुए ज्योत प्रज्वलित की।

कार्यक्रम में पंजाबी हिंदू बिरादरी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।