रामगढ़ कैंट, झारखंड :राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, रामगढ़ नगर के तत्वावधान में 16 अक्टूबर 2026 को विजयादशमी उत्सव के अवसर पर भव्य पथ संचलन निकाला गया। इस दौरान विधि-विधान के साथ शस्त्र पूजन भी किया गया। पथ संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवकों ने भाग लिया और अनुशासन, एकता एवं राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया।
पथ संचलन फुटबॉल मैदान से प्रारंभ होकर मेन रोड, थाना चौक, गोला रोड, चट्टी बाजार और लोहार टोला होते हुए पुनः फुटबॉल मैदान पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान स्वयंसेवक कदम से कदम मिलाकर चलते नजर आए। पूरे कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति और सामाजिक समरसता का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम में अपने उद्बोधन के दौरान संजीत जी ने स्वयंसेवकों से समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने, राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने तथा समाज में एकता, सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के ताने-बाने को तोड़ने और देश को विभाजित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे समय में समाज की एकता और आपसी सद्भाव बनाए रखना आवश्यक है।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र एवं समाज के प्रति समर्पण के संकल्प के साथ हुआ।
इस अवसर पर जिला संघचालक शत्रुघ्न प्रसाद, नगर संघचालक प्रवीण झा, सुमित, चंदन, अजीत, राजकुमार, खिरोधर, अंकित, पवन, शशि, कुंदन, सन्नी, राजेश, आर्यन, दिव्य प्रकाश, संजय अग्रवाल, तरुण, अनिल, सुधांशु, अनुराग, नितेश सहित सैकड़ों स्वयंसेवक उपस्थित रहे।