बरही ( हज़ारीबाग ), झारखंड : बरही चौक पर बुधवार को दिन में करीब 12:15 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में महिला और उसके चार वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों को एक ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में महिला के साथ मौजूद उसके तीन अन्य बच्चे बाल-बाल बच गए। इस हृदयविदारक घटना से इलाके में शोक का माहौल है।
मृत महिला की पहचान उर्मिला देवी के रूप में हुई है। बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि महिला गया जिले के चट्टी थाना क्षेत्र के केवलिया मोड़ बार की रहने वाली थी। उसके पति का नाम दिनेश कुमार उर्फ दिनेश सिंह बताया गया है। वह दशहरा के अवसर पर अपने मायके खैरा करमा आई हुई थी, जबकि उसका पति मुंबई में काम करता है।
घटना के बाद पुलिस ने महिला और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचा दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। महिला और उसके मासूम बच्चे की मौत से लोगों में गहरा दुख देखा गया।