मुख्य आरोपी समीर अंसारी पुलिस को चकमा देकर फरार, फर्जी पासपोर्ट और नंबर प्लेट भी मिले
रांची, झारखंड : दिल्ली में वाहन किराये पर लेकर गायब करने वाले कथित गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने झारखंड के रांची जिले में बड़ी कार्रवाई की है। दिल्ली पुलिस और कांके थाना की पुलिस ने संयुक्त छापेमारी कर सुहाना सिटी स्थित समीर अंसारी के घर से चोरी के दो थार और चार मोटरसाइकिल समेत कुल छह वाहन बरामद किए हैं। हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी समीर अंसारी फरार होने में सफल रहा।
बरामद दूसरा थार
फर्जी पहचान पत्रों से किराये पर लेते थे वाहन
पुलिस के अनुसार, गिरोह के सदस्य दिल्ली की ट्रैवल एजेंसियों से चारपहिया वाहन किराये पर लेते थे और बाद में उन्हें वापस करने के बजाय लेकर फरार हो जाते थे। आरोप है कि पिछले करीब आठ महीनों से यह गिरोह फर्जी आधार कार्ड और अन्य पहचान पत्रों का इस्तेमाल कर इस तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।
वाहनों को अपने कब्जे में लेने के बाद उनके नंबर प्लेट बदल दिए जाते थे। इसके बाद चोरी के वाहनों को बेचने या कबाड़ियों के हाथों सौंपने की आशंका जताई गई है। पुलिस अब बरामद वाहनों और गिरोह के कथित नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।
जीपीएस की मदद से कांके तक पहुंची पुलिस
मुख्य आरोपी तक पहुंचने के लिए दिल्ली पुलिस ने विशेष रणनीति अपनाई। पुलिस ने जीपीएस युक्त वाहन को किराये पर चलने के लिए ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से उपलब्ध कराया था। आरोप है कि इस वाहन को भी गिरोह ने अपने कब्जे में लेकर गायब कर दिया। जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस वाहन का पीछा करते हुए रांची के कांके पहुंची।
पुलिस ने बताया कि समीर के घर की लोकेशन का पता लगाने के बाद रात करीब तीन बजे से निगरानी शुरू की गई। सुबह करीब पांच बजे कांके पुलिस को सूचना देकर संयुक्त टीम ने आवास पर छापेमारी की। पुलिस के बार-बार दरवाजा खटखटाने के बावजूद करीब दो घंटे तक दरवाजा नहीं खोला गया।
इसी दौरान आरोपी घर के पिछले हिस्से से निकलकर धान के खेतों की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन उसे पकड़ नहीं सकी।
फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन और पासपोर्ट जब्त
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो थार और चार मोटरसाइकिल बरामद कीं। पुलिस के मुताबिक, इन वाहनों पर दिल्ली के फर्जी नंबर प्लेट लगे हुए थे। कार्रवाई में एक संदिग्ध पासपोर्ट भी मिला है, जिसमें तस्वीर समीर अंसारी की बताई गई है, जबकि नाम किसी अन्य व्यक्ति का दर्ज है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी ने कथित तौर पर चोरी के वाहनों से जुड़े पैसों का इस्तेमाल कर दुबई की यात्रा भी की थी। पासपोर्ट और विदेश यात्रा से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।
परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ
कार्रवाई के दौरान पुलिस समीर अंसारी के बड़े भाई इरफान अंसारी, छोटे भाई शम्मी अंसारी, अमन अंसारी और इरफान अंसारी की पत्नी को हिरासत में लेकर कांके थाना पहुंची। उनसे पूछताछ कर मामले से संबंधित जानकारियां जुटाई जा रही हैं।
फिलहाल मुख्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस बरामद वाहनों, कथित फर्जी दस्तावेजों और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों के संबंध में जांच कर रही है।