बीएफसीएल में सुरक्षा जागरूकता को लेकर नुक्कड़ नाटक, सामग्री के बिखराव और धूल उत्सर्जन रोकने की दिलाई शपथ

Spread the love

रामगढ़ कैंट,  झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल) की एचएएसपी इकाई में 24 अक्टूबर को सामग्री के बिखराव और धूल उत्सर्जन की रोकथाम के उद्देश्य से शपथ ग्रहण समारोह एवं सुरक्षा जागरूकता नुक्कड़ नाटक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को प्रोत्साहित करना तथा स्वच्छ और सुरक्षित कार्यस्थल सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष जागरूकता नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया। इसमें विशाल कुमार ने यमराज, मृत्युंजय ठाकुर ने चित्रगुप्त और प्रशांत सिंह ने सुरक्षा अधिकारी की भूमिका निभाई। नाटक के माध्यम से बिना सुरक्षा हेलमेट, सुरक्षा जूते और अन्य आवश्यक व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरणों के काम करने से होने वाले खतरों को दर्शाया गया।

नाटक के जरिए संदेश दिया गया कि सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक कर्मचारी की जिम्मेदारी है। इससे न केवल स्वयं के जीवन की रक्षा होती है, बल्कि परिवार की खुशहाली और सहकर्मियों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होती है।

इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों को सामग्री के बिखराव को रोकने तथा धूल उत्सर्जन न्यूनतम रखने की शपथ दिलाई गई। सामग्री के परिवहन, रखरखाव और उत्पादन के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने पर जोर दिया गया। साथ ही, सामग्री के बिखराव को रोकने और ऐसी स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल सुधारात्मक कार्रवाई करने की अपील की गई।

कार्यक्रम में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने सामग्री के बिखराव को शून्य स्तर पर लाने, धूल उत्सर्जन न्यूनतम रखने, विश्वस्तरीय साफ-सफाई व्यवस्था बनाए रखने तथा कार्यस्थल पर दुर्घटनाओं को पूरी तरह रोकने के लक्ष्य के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता जताई।

यह आयोजन बीएफसीएल में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने और स्वच्छ, सुरक्षित एवं अनुशासित कार्यस्थल के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।

कार्यक्रम का संदेश था— “सुरक्षा हमारी जिम्मेदारी, स्वच्छता हमारी पहचान और पर्यावरण संरक्षण हमारा संकल्प।”