कुजू (रामगढ़), झारखंड :कुजू ओपी क्षेत्र के मुरपा बस्ती में चोरों ने एक बंद आवास को निशाना बनाते हुए नकदी समेत करीब डेढ़ लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली। घटना के समय गृहस्वामी एवं ट्रांसपोर्टर राजेश यादव अपने पैतृक घर गए हुए थे। चोरों ने घर का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी से नकदी और कीमती सामान चुरा लिए।
घटना का पता रविवार सुबह उस समय चला, जब आसपास रहने वाले पड़ोसियों की नजर राजेश यादव के घर के खुले दरवाजे और टूटे ताले पर पड़ी। पड़ोसियों ने इसकी सूचना गृहस्वामी को दी, जिसके बाद चोरी की जानकारी सामने आई।
रविवार देर शाम मुरपा बस्ती स्थित अपने आवास पर पहुंचे राजेश यादव ने चोरी गए सामानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चोरों ने कमरे के अंदर रखी अलमारी को तोड़कर करीब 80 हजार रुपये नकद, लक्ष्मी-गणेश की सोने की मूर्ति और बच्चे की चांदी की चेन चुरा ली। चोरी गए सामानों की कुल कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई गई है।
समाचार लिखे जाने तक राजेश यादव की ओर से कुजू ओपी पुलिस को लिखित आवेदन नहीं दिया गया था। पुलिस में शिकायत दर्ज होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जा सकती है।