चौपारण में स्थानीय ब्राह्मणों ने शंखनाद कर दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ जताया विरोध

Spread the love

स्थानीय पूजा-पाठ में बाहरी ब्राह्मणों को बुलाना निंदनीय  : अमरेश गणक

चौपारण (हजारीबाग), झारखंड : अपने हक, अधिकार और मान-सम्मान की मांग को लेकर चौपारण के चैथी गांव के ब्राह्मण समाज के लोगों ने स्थानीय दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल ब्राह्मणों ने शंखनाद कर पूजा-पाठ में बाहरी ब्राह्मणों को बुलाए जाने पर नाराजगी जताई।

प्रदर्शन कर रहे स्थानीय ब्राह्मणों का कहना था कि दुर्गा पूजा जैसे धार्मिक आयोजनों में स्थानीय ब्राह्मणों को भी उचित भागीदारी और सम्मान मिलना चाहिए। उनका कहना था कि स्थानीय ब्राह्मण सदियों से धार्मिक परंपराओं का निर्वहन करते आ रहे हैं। ऐसे में पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव ने किस आधार पर बाहरी ब्राह्मणों को बुलाकर पूजा-अर्चना कराई। उन्होंने इस निर्णय का विरोध करते हुए स्थानीय ब्राह्मणों को धार्मिक अनुष्ठानों में उचित अवसर देने की मांग की।

ब्राह्मण समाज के लोगों ने कहा कि स्थानीय ब्राह्मणों की भूमिका केवल एकादशी पूजा और भोज तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि उन्हें अन्य धार्मिक अनुष्ठानों में भी भागीदारी मिलनी चाहिए।

इस विरोध प्रदर्शन को कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासमिति, झारखंड प्रदेश के अध्यक्ष अमरेश गणक ने भी समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि स्थानीय ब्राह्मणों के अधिकारों की अनदेखी नहीं की जानी चाहिए। सुख-दुख सहित विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों में स्थानीय ब्राह्मणों को अवसर दिया जाना चाहिए।

अमरेश गणक ने पूजा समिति के अध्यक्ष और सचिव के इस कदम पर नाराजगी जताते हुए उनसे स्थानीय ब्राह्मणों से अविलंब माफी मांगने की सलाह दी। उन्होंने चौपारण के ब्राह्मण समाज के लोगों की एकजुटता की सराहना करते हुए कहा कि समाज के लोगों ने एक साथ खड़े होकर अपनी आवाज उठाई है। यह एकजुटता आने वाले दिनों में समाज के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।

उन्होंने समाज के विप्र बंधुओं से अपील की कि इस तरह के मामलों में एकजुट रहें। साथ ही उन्होंने कहा कि कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासमिति, झारखंड प्रदेश चौपारण के स्थानीय ब्राह्मणों के साथ खड़ी है और आगे भी उनका समर्थन करती रहेगी।

इस दौरान स्थानीय धार्मिक आयोजनों में ब्राह्मणों की भागीदारी, परंपराओं के निर्वहन और सम्मान को लेकर समाज की मांग प्रमुखता से सामने आई।