रामगढ़ के सुंदरीकरण और राष्ट्रीय चेतना जागरण के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना, विकास कार्यों में नागरिकों से सहयोग की अपील
रामगढ़ कैंट, झारखंड : शांतिधारा फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष सुरेश पी. अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष गोविंद लाल अग्रवाल तथा मानद सचिव मनजीत साहनी ने रामगढ़ छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह से उनके कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान पदाधिकारियों ने उन्हें पौधा, श्रीमद्भगवद्गीता और एक पत्र भेंट कर शहर के विकास एवं सुंदरीकरण के लिए किए जा रहे रचनात्मक कार्यों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया।
फाउंडेशन की ओर से सौंपे गए पत्र में रामगढ़ शहर को स्वच्छ, सुंदर और गौरवशाली बनाने की दिशा में किए जा रहे कार्यों को सराहनीय एवं राष्ट्रहितकारी बताया गया। पत्र के माध्यम से रामगढ़ के नागरिकों की ओर से विवेक सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
पत्र में विशेष रूप से शहर के पांच स्थानों पर कारगिल विजय स्मारक, दांडी यात्रा स्मारक, 100 फीट ऊंचे राष्ट्रीय ध्वज, सूर्य नमस्कार प्रतिमा तथा अशोक स्तंभ की स्थापना का उल्लेख किया गया। फाउंडेशन ने कहा कि ये पहल उनकी राष्ट्रीय भावना और दूरदर्शी सोच को दर्शाती हैं। इन स्मारकों एवं प्रतीकों से रामगढ़वासियों के मन में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना की भावना निरंतर मजबूत होगी।
शांतिधारा फाउंडेशन ने विश्वास जताया कि विवेक सिंह के नेतृत्व में भविष्य में भी इसी प्रकार के रचनात्मक एवं प्रेरणादायी कार्य जारी रहेंगे। संस्था ने उनके सकारात्मक और जनहितकारी प्रयासों की प्रशंसा करते हुए विकास कार्यों में अपना पूर्ण समर्थन, सहयोग और सहभागिता देने का आश्वासन दिया।
वहीं, छावनी परिषद के मुख्य अधिशासी अधिकारी विवेक सिंह ने शांतिधारा फाउंडेशन के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि वे छावनी परिषद की ओर से किए जा रहे विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाएं और एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करें।