24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा पर रजरप्पा में होगी भव्य गंगा महाआरती, सजेगी भजन संध्या

Spread the love

मां छिन्नमस्तिका सेवा समिति की बैठक में आयोजन समिति का गठन, बनारस की तर्ज पर होगी आरती ; पुरोहितों के मंत्रोच्चार से गूंजेगा भैरवी नदी तट 

रामगढ़ / रजरप्पा, झारखंड : मां छिन्नमस्तिका सेवा समिति के तत्वावधान में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर आगामी 24 नवंबर को रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर के भैरवी नदी तट पर भव्य गंगा महाआरती सह भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक एवं आध्यात्मिक आयोजन को भव्य रूप देने के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रजरप्पा स्थित प्रशासनिक भवन में समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में आयोजन को सफल बनाने के लिए सर्वसम्मति से आयोजन समिति का गठन किया गया तथा विभिन्न पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में समिति के अध्यक्ष राजीव जायसवाल ने कहा कि मां छिन्नमस्तिका सेवा समिति की ओर से पिछले कई वर्षों से कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा महाआरती का आयोजन किया जाता रहा है। इसी धार्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस वर्ष भी भव्य कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि रजरप्पा की पावन धरती पर जन्म लेना और मां छिन्नमस्तिका की सेवा करने का अवसर मिलना सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

उन्होंने कहा कि रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां देश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु मां के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। समिति का निरंतर प्रयास है कि रजरप्पा की धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थापित हो। कार्तिक पूर्णिमा पर आयोजित होने वाली गंगा महाआरती इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

बनारस की तर्ज पर होगी भव्य गंगा महाआरती

राजीव जायसवाल ने बताया कि इस वर्ष गंगा महाआरती का आयोजन बनारस की तर्ज पर करने की योजना है। इसके लिए बनारस से दर्जनों पुरोहितों को आमंत्रित करने की तैयारी की जा रही है। पुरोहित पारंपरिक विधि-विधान, मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ भव्य आरती संपन्न कराएंगे। भैरवी नदी तट पर आयोजित होने वाली इस महाआरती में श्रद्धालुओं को विशेष आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव कराने का प्रयास किया जाएगा।

महाआरती के बाद श्रद्धालुओं के बीच भोग का वितरण किया जाएगा। इसके साथ ही भव्य भजन संध्या आयोजित होगी, जिसमें कई प्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे। भक्ति गीतों और भजनों के माध्यम से मां छिन्नमस्तिका के प्रति श्रद्धा और भक्ति का वातावरण तैयार किया जाएगा।

समिति के अनुसार, आयोजन का मुख्य उद्देश्य रजरप्पा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता को व्यापक पहचान दिलाना, श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक गतिविधियों से जोड़ना तथा कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर को विशेष बनाना है। कार्यक्रम में कई विशिष्ट अतिथियों एवं गणमान्य लोगों के शामिल होने की संभावना है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए समिति का गठन

बैठक में कार्यक्रम के सुचारू संचालन, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, आरती, भजन संध्या और भोग वितरण सहित विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों एवं सदस्यों को जिम्मेदारी सौंपी गई।

संरक्षक : नंदू गुप्ता, छोटू पंडा, सुभाशीष पंडा, अजय पंडा, सुबोध पंडा, ब्रजेश पंडा, रविन्द्र साहू, अजीत जायसवाल, जानकी महतो, चंद्रशेखर चौधरी, डॉ. जितेंद्र कुमार, विजय मेवाड़ एवं संतोष वर्णवाल।

संयोजक : वरुण बगड़िया, नीतीश गुप्ता, संजय साह (राधा गोविंद), विजय जायसवाल, संजय साह एवं सरदार अनमोल सिंह।

अध्यक्ष : राजीव जायसवाल।

उपाध्यक्ष : अंकित सिंह, सुमित सिंह, बबली सिंह एवं सचिन करमाली।

सचिव : शशि पाण्डेय एवं सुनील चक्रवर्ती।

कोषाध्यक्ष : दीनदयाल कुमार।

सह सचिव : सोनू सोनी, विनीत यादव एवं शुभम सिंह।

कार्यक्रम प्रभारी : प्रीतम झा।

आरती प्रभारी : रवि हाजरा, मंशु बेदीया, महेश महतो एवं अरविंद जायसवाल।

भजन संध्या प्रभारी : प्रदीप महतो, नरेश कुमार, कृष्णा केवट, कृष्णा शर्मा एवं सुधीर महतो।

भोग वितरण प्रभारी : सूरज वर्मा, उत्तम कुशवाहा, ललन कुशवाहा, सूरज कुमार, संतोष साव, शिवचरण महतो, संजीत महतो, सुभाष रजवार, सुकेंद्र साहू, शंकर साव, जगदंब साव, सनी देवल महतो एवं अजीत कुमार।

सुरक्षा व्यवस्था प्रभारी : दीपक सिंह, दामोदर सिंह, कृष्ण केवट, संजय सिंह, उत्तम केवट, बलराम महतो, कृष्णा केवट, गुड्डू सिंह एवं हीरालाल महतो।

स्वागत समिति : बबलू साव, जितेंद्र साहू, संतोष कुशवाहा, निरंजन कुमार, रूपा कुमारी, महेंद्र प्रसाद, नरेश कुमार, गणेश प्रसाद स्वर्णकार, अशोक कुमार, महेंद्र प्रसाद एवं अर्जुन वर्मा।

आईटी सेल : प्रवीण सोनू एवं संतोष शर्मा।

सोशल मीडिया प्रभारी : बिक्की महतो, छोटू केवट, सीएम महतो एवं पवन पटेल।

श्रद्धालुओं से शामिल होने की अपील

बैठक में उपस्थित सदस्यों ने आयोजन को भव्य एवं सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई। सभी ने अपने-अपने दायित्वों का निर्वहन करते हुए कार्यक्रम की तैयारियों में सहयोग करने का संकल्प लिया।

मां छिन्नमस्तिका सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं से अपील की गई कि वे कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर रजरप्पा पहुंचकर मां छिन्नमस्तिका का आशीर्वाद प्राप्त करें और भैरवी नदी तट पर आयोजित भव्य गंगा महाआरती सह भजन संध्या में सहभागी बनें। समिति को उम्मीद है कि इस आयोजन से रजरप्पा की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को और मजबूती मिलेगी तथा श्रद्धालुओं को भक्ति और आध्यात्मिकता से जुड़ने का विशेष अवसर प्राप्त होगा।