कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन ने की समीक्षा बैठक, होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली के लिए वार्डों में नियमित भ्रमण करने का निर्देश
रामगढ़, झारखंड : नगर परिषद रामगढ़ की वित्तीय स्थिति को मजबूत करने और राजस्व संग्रहण में तेजी लाने को लेकर कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन की अध्यक्षता में सिटी मैनेजरों एवं राजस्व निरीक्षकों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली की समीक्षा करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप राजस्व संग्रहण तेज करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में कार्यपालक पदाधिकारी ने राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने आवंटित वार्डों में प्रतिदिन भ्रमण कर बकाया कर एवं शुल्क की वसूली सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने कहा कि नगर परिषद के सुचारु संचालन और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए राजस्व संग्रहण महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाएं और वसूली कार्य में तेजी लाएं।
मोबाइल एप से होगी होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क की वसूली
बैठक में बताया गया कि राजस्व संग्रहण पोर्टल पर पहले आ रही तकनीकी समस्याओं का समाधान कर दिया गया है। इसके साथ ही सभी राजस्व निरीक्षकों को मोबाइल एप्लिकेशन उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से वे क्षेत्र में जाकर ही होल्डिंग टैक्स और ट्रेड लाइसेंस शुल्क का संग्रहण कर सकेंगे।
कार्यपालक पदाधिकारी ने उपलब्ध तकनीकी सुविधाओं का प्रभावी इस्तेमाल करते हुए राजस्व वसूली में तेजी लाने का निर्देश दिया। इस कार्य की नियमित निगरानी और आवश्यक समन्वय की जिम्मेदारी सिटी मैनेजर राजीव रंजन एवं मेघनाथ चौधरी को सौंपी गई है।
बड़े बकायेदारों से संपर्क कर होगी वसूली
कार्यपालक पदाधिकारी अजमल हुसैन ने सिटी मैनेजरों को बड़े बकायेदारों से संपर्क स्थापित कर लंबित होल्डिंग टैक्स की वसूली तेज करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राजस्व संग्रहण में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने को कहा गया।
तीन माह से वेतन और मानदेय भुगतान लंबित
बैठक में यह जानकारी भी सामने आई कि पिछले करीब तीन माह से राजस्व संग्रहण नहीं होने के कारण नगर परिषद के कर्मियों के वेतन एवं मानदेय का भुगतान लंबित है। इस स्थिति को देखते हुए राजस्व संग्रहण में तेजी लाने और सभी संबंधित कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यपालक पदाधिकारी ने कहा कि नगर परिषद की वित्तीय स्थिति को सुदृढ़ करने, नागरिक सुविधाओं का सुचारु संचालन करने और कर्मियों के वेतन एवं मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने के लिए राजस्व संग्रहण को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
उन्होंने सभी संबंधित कर्मियों को निर्धारित कार्ययोजना के अनुसार सक्रियता से काम करने तथा नियमित समीक्षा और निगरानी के माध्यम से राजस्व वसूली में अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।