हजारीबाग के होटल एके इंटरनेशनल पर चार राउंड फायरिंग, गैंगस्टर राहुल दुबे ने ली जिम्मेदारी

Spread the love

मटवारी में गुरुवार रात अपराधियों ने होटल के मुख्य गेट को बनाया निशाना, शीशे का दरवाजा टूटा; सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बचा

हजारीबाग, झारखंड : हजारीबाग के मटवारी स्थित होटल एके इंटरनेशनल (AK International Hotel) में गुरुवार रात अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। तीन से चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने होटल के मुख्य प्रवेश द्वार को निशाना बनाते हुए चार राउंड गोलियां चलाईं। गोली लगने से होटल के मुख्य गेट का शीशे का दरवाजा टूट गया। हालांकि, इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड बाल-बाल बच गया।

जानकारी के अनुसार, घटना गुरुवार रात करीब 10 से 10:30 बजे के बीच की है। अपराधी होटल के मुख्य गेट पर पहुंचे और लगातार चार गोलियां दागकर मौके से फरार हो गए। अचानक हुई गोलीबारी से होटल परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सोशल मीडिया पर राहुल दुबे ने ली जिम्मेदारी

इस गोलीबारी की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर राहुल दुबे ने सोशल मीडिया पर प्रेस विज्ञप्ति जारी कर ली है। उसके द्वारा जारी कथित विज्ञप्ति में हमले के पीछे फोन कॉल और संदेशों को नजरअंदाज किए जाने की बात कही गई है। साथ ही उसने कोयला कारोबारियों और ट्रांसपोर्टरों को भी चेतावनी दी है। हालांकि, सोशल मीडिया पर जारी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि पुलिस की ओर से नहीं की गई है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की सूचना मिलने के बाद कोर्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि अपराधियों की पहचान की जा सके। पुलिस अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी और अन्य आवश्यक कार्रवाई में जुटी है।

होटल पर हुई इस गोलीबारी के बाद मटवारी समेत आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।