ज्यादा किराया देने का झांसा देकर हड़पते थे लग्जरी कारें, बंधक रखकर वसूलते थे मोटी रकम; चार कार और छह मोबाइल बरामद
ओरमांझी (रांची), झारखंड : ओरमांझी पुलिस ने कार रेंट पर लगाने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। गिरोह के सदस्य वाहन मालिकों को अधिक किराया देने का लालच देकर उनकी कारें लेते थे और बाद में दूसरे लोगों के पास बंधक रखकर मोटी रकम वसूलते थे। पुलिस ने इस मामले में पति-पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों में मुंगेर निवासी विश्वजीत कुमार सिंह उर्फ विक्की (35), उसकी पत्नी ज्योति कुमारी (34) और गढ़वा निवासी मनोज कुमार (36) शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार लग्जरी कारें फॉर्च्यूनर, आई-10, फ्रोंक्स और नई बलेनो के अलावा छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
ओरमांझी थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हरचंडा निवासी सनी कुमार ने 29 अक्टूबर को थाने में आवेदन देकर शिकायत की थी कि आरोपियों ने उनकी गाड़ी अधिक किराया देने का लालच देकर ली थी और बाद में उसे किसी दूसरे व्यक्ति के पास बंधक रख दिया था। इस शिकायत के आधार पर ओरमांझी थाना कांड संख्या 151/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
अनुसंधान के दौरान पता चला कि मुख्य आरोपी विश्वजीत ने रातू रोड स्थित मॉल ऑफ रांची के पास प्रार्थना हाइट्स में शुभ यात्रा ट्रैवल्स के नाम से कार्यालय खोल रखा था। इसी कार्यालय की आड़ में वह लोगों से उनकी गाड़ियां ट्रैवल्स में चलाने के नाम पर लेता था। शुरुआत में एक-दो महीने तक वाहन मालिकों को किराया भी दिया जाता था, ताकि उनका भरोसा जीत सके। इसके बाद गाड़ियों को दूसरे लोगों के पास ऊंची रकम पर बंधक रख दिया जाता था।
पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी विश्वजीत के खिलाफ झारखंड और बिहार में धोखाधड़ी एवं आर्म्स एक्ट समेत नौ आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं, आरोपी मनोज कुमार के खिलाफ भी मुजफ्फरपुर में मामला दर्ज है।
पुलिस बरामद वाहनों के वास्तविक मालिकों की पहचान और उनसे संबंधित जानकारी जुटा रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।