रामगढ़, झारखंड : उपायुक्त ऋतुराज की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला स्तरीय समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों एवं विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
शिक्षा, स्वास्थ्य और पेयजल योजनाओं की हुई समीक्षा
उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, ग्रामीण विकास, कृषि, सामाजिक सुरक्षा, राजस्व, कल्याण, आपूर्ति सहित अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं की जानकारी लेते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर लक्ष्यों को पूरा करने को कहा।
जन शिकायतों के निष्पादन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक में जन शिकायतों के निष्पादन, आधारभूत संरचना के विकास, पेयजल आपूर्ति, विद्यालयों एवं स्वास्थ्य संस्थानों की कार्यप्रणाली तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के लाभुकों की स्थिति सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई।
उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि आम नागरिकों से जुड़े मामलों के निष्पादन में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी जनहित से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दें।
उन्होंने संबंधित विभागों को लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करने, प्रगति प्रतिवेदन समय पर उपलब्ध कराने तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर जिले में विकास कार्यों को गति देने पर जोर दिया।
बैठक में जिले के विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।