होमगार्ड बहाली परीक्षा की संशोधित तिथियां जारी, 2 से 6 नवंबर तक होगी शारीरिक दक्षता और हिंदी लेखन परीक्षा

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : रामगढ़ में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण स्थगित की गई होमगार्ड बहाली की शारीरिक दक्षता एवं हिंदी लेखन क्षमता परीक्षा के लिए जिला प्रशासन ने नया कार्यक्रम जारी कर दिया है। झारखंड गृह रक्षा वाहिनी, रामगढ़ के विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत आयोजित होने वाली इस परीक्षा की संशोधित तिथियां 2 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक निर्धारित की गई हैं।

गौरतलब है कि चक्रवाती तूफान और लगातार मूसलाधार बारिश के कारण रामगढ़ जिले में जलभराव एवं खराब मौसम की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। इसे देखते हुए पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थियों तथा रामगढ़ प्रखंड के महिला एवं पुरुष अभ्यर्थियों की पूर्व निर्धारित परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। अब समिति ने विचार-विमर्श के बाद इन परीक्षाओं के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।

संशोधित परीक्षा कार्यक्रम

  • 2 नवंबर 2026: गोला प्रखंड की महिला अभ्यर्थी तथा चितरपुर प्रखंड के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी।

  • 3 नवंबर 2026: सुबह 5 बजे शहरी गैर-तकनीकी पुरुष अभ्यर्थी तथा सुबह 8 बजे रामगढ़ प्रखंड के पुरुष अभ्यर्थी।

  • 4 नवंबर 2026: सुबह 5 बजे शहरी गैर-तकनीकी महिला अभ्यर्थी तथा सुबह 8 बजे रामगढ़ प्रखंड की महिला अभ्यर्थी।

  • 5 नवंबर 2026: सुबह 5 बजे शहरी तकनीकी संवर्ग के पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी।

  • 6 नवंबर 2026: सुबह 5 बजे पतरातू प्रखंड की महिला अभ्यर्थी।

सिद्धू-कान्हू मैदान में होगी परीक्षा

सभी निर्धारित परीक्षाएं सिद्धू-कान्हू मैदान, रामगढ़ में आयोजित की जाएंगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि विज्ञापन संख्या 01/2026 के तहत आने वाले अन्य सभी अभ्यर्थी अपनी पूर्व निर्धारित तिथि, समय एवं परीक्षा केंद्र के अनुसार ही परीक्षा में शामिल होंगे।

परीक्षा केंद्र में केवल अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण को अंदर ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा।

जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अपनी परीक्षा की तिथि और समय की जानकारी लेकर निर्धारित समय पर केंद्र पहुंचें। बहाली प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त बनाने के लिए प्रशासन की ओर से आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।