बीएफसीएल में 135 अधिकारियों और कर्मचारियों का मनाया गया सामूहिक जन्मदिन, उपहार में दिए गए पौधे

Spread the love

रामगढ़, झारखंड : बिहार फाउंड्री एंड कास्टिंग्स लिमिटेड (बीएफसीएल), रामगढ़ में कर्मचारियों के बीच आपसी जुड़ाव और पारिवारिक भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 31 अक्टूबर को सामूहिक जन्मदिन समारोह का आयोजन किया गया। ‘पीपुल फर्स्ट कल्चर’ और ‘वन सेलिब्रेशन, मेनी स्माइल्स’ की थीम पर आयोजित इस कार्यक्रम में अक्टूबर माह में जन्मदिन मनाने वाले 135 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में जीएफए, एचएसपीए, हेड ऑफिस तथा एमडीएच ऑफिस, रांची के कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। समारोह का आयोजन एचएएसपी कैंटीन, जीएफए कैंटीन और मुख्य कार्यालय में किया गया। इस दौरान केक काटकर सभी जन्मदिन मनाने वाले कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी गईं।

समारोह का सबसे खास पहलू पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी पहल रही। कंपनी के पर्यावरण विभाग की ओर से प्रत्येक जन्मदिन मनाने वाले अधिकारी एवं कर्मचारी को एक-एक पौधा उपहार स्वरूप दिया गया। कर्मचारियों से इन पौधों को अपने घरों में लगाने और उनकी देखभाल करने की अपील की गई। कंपनी की इस पहल के माध्यम से खुशियों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्षों की उपस्थिति रही। वरिष्ठ अधिकारियों ने कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि उनकी मेहनत, निष्ठा और समर्पण कंपनी की प्रगति की सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे आयोजन कर्मचारियों के बीच आपसी विश्वास, सहयोग और टीम भावना को मजबूत करने के साथ कार्यस्थल पर सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं।

बीएफसीएल प्रबंधन ने कहा कि कंपनी प्रत्येक कर्मचारी को अपने परिवार का अभिन्न हिस्सा मानती है। कर्मचारियों की खुशियां और उनका योगदान संगठन की सफलता से जुड़े हैं। समारोह के माध्यम से सभी जन्मदिन मनाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों के उज्ज्वल भविष्य और बेहतर स्वास्थ्य की कामना की गई।