रामगढ़, झारखंड : झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 का आयोजन रविवार को रामगढ़ जिले में शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। झारखंड अधिविध परिषद (JAC) की ओर से आयोजित इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 50 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। दोनों पालियों को मिलाकर कुल 20,293 अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होना था, जिनमें से 19,050 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 1,243 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
पहली पाली में 12,851 अभ्यर्थी हुए शामिल
परीक्षा की पहली पाली में कुल 13,734 अभ्यर्थियों को शामिल होना था। इनमें से 12,851 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि 883 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
वहीं, दूसरी पाली में कुल 6,559 अभ्यर्थियों में से 6,199 ने परीक्षा दी और 360 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
प्रशासन ने सुरक्षा और निगरानी के किए थे पुख्ता इंतजाम
परीक्षा के सफल आयोजन को लेकर उपायुक्त ऋतुराज के निर्देश पर जिला प्रशासन ने सभी 50 केंद्रों पर व्यापक इंतजाम किए थे। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, विधि-व्यवस्था संधारण और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से निगरानी की गई। इसके अलावा अभ्यर्थियों की जांच (फ्रिस्किंग) सहित परीक्षा से संबंधित सभी निर्धारित नियमों का पालन कराया गया।
परीक्षा की तैयारियों की उपायुक्त ऋतुराज एवं पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत लगातार समीक्षा कर रहे थे। केंद्रों पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे।
जिला प्रशासन के अनुसार, सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय और सतत निगरानी के कारण परीक्षा जिले में शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुई।