रामगढ़ कैंट, झारखंड :रामगढ़ बचाओ संघर्ष समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाला नौवां श्री महाकाल महोत्सव आगामी 4 जनवरी 2027 को धूमधाम और भक्तिमय वातावरण में आयोजित किया जाएगा। रामगढ़ जिले की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना के साथ प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस धार्मिक महोत्सव को इस बार और अधिक भव्य बनाने की तैयारी शुरू कर दी गई है।
आयोजन की तैयारियों को लेकर सोमवार, 9 नवंबर 2026 को कलश वेंकटेश सभागार में समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता समिति के केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने की। बैठक में महोत्सव की सफलता को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आयोजन की रूपरेखा तैयार करने के साथ विभिन्न व्यवस्थाओं, प्रचार-प्रसार और अधिक से अधिक श्रद्धालुओं की भागीदारी सुनिश्चित करने जैसे विषयों पर सदस्यों ने अपने सुझाव रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष धनंजय कुमार पुटूस ने कहा कि श्री महाकाल महोत्सव केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि रामगढ़ जिले की आस्था, एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बन चुका है। प्रत्येक वर्ष साल के पहले सोमवार को आयोजित होने वाले इस महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होते हैं। समिति का प्रयास है कि इस वर्ष आयोजन को पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक बनाया जाए।
उन्होंने जिले के सभी श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों से महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
बैठक में जिला उपाध्यक्ष अजय कुमार, अमर बोदरा, पिंटू मालाकार, सुरेंद्र राम, राम कुमार कुशवाहा, कोषाध्यक्ष सिकंदर सोनी, संजय मुंडा, सिकंदर प्रजापति सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित थे।