हेमंत सरकार के खिलाफ प्रदेश भाजपा तैयार करेगी आरोप पत्र, बाबूलाल मरांडी ने बनाई सात सदस्यीय समिति

Spread the love

रांची, झारखंड :  हेमंत सरकार (भाग-2) के एक वर्ष पूर्ण होने पर प्रदेश भाजपा राज्य सरकार के कार्यकाल की समीक्षा करते हुए उसके खिलाफ विस्तृत आरोप पत्र जारी करेगी। इसी उद्देश्य से प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने सात सदस्यीय आरोप पत्र समिति का गठन किया है।

समिति में झारखंड विधानसभा में भाजपा के मुख्य सचेतक विधायक नवीन जायसवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री भानु प्रताप शाही, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, सह मीडिया प्रभारी योगेंद्र प्रताप सिंह, पूर्व सांसद एवं प्रवक्ता गीता कोड़ा, तथा अंत्योदय के संपादक रविनाथ किशोर को शामिल किया गया है।

समिति गठन की औपचारिक घोषणा प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता हेमंत सरकार की वादा खिलाफी, भ्रष्टाचार तथा बिगड़ती कानून-व्यवस्था से परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा आरोप पत्र के माध्यम से सरकार की विफलताओं को जनता के सामने लाएगी।