कुजू (रामगढ़), झारखंड :हथमारा पोचरा स्थित रामगढ़ भाजपा जिला कार्यालय में सोमवार को आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान को गति देने को लेकर प्रखंड स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता नगर परिषद मंडल अध्यक्ष मनोज गिरि ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की तस्वीर पर माल्यार्पण एवं सामूहिक वंदे मातरम् गायन से हुई। इसके बाद अतिथियों का अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया।
मुख्य वक्ता तथा जिला कार्यक्रम संयोजक–जिला महामंत्री राजू चतुर्वेदी ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान का मुख्य उद्देश्य भारत को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर विश्व पटल पर एक ‘निर्यातक राष्ट्र’ के रूप में स्थापित करना है। इससे स्वदेशी की अवधारणा को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोज़गार के अवसर सृजित होंगे।
भाजपा जिला मीडिया प्रभारी एवं कार्यक्रम सह प्रभारी राजीव पामदत्त ने कहा कि स्वदेशी अपनाना और आत्मनिर्भरता का संकल्प हर घर का मंत्र बनेगा।
कार्यशाला में उपस्थित कार्यकर्ताओं को स्वदेशी संकल्प पत्र भरते हुए स्वदेशी अपनाने का शपथ दिलाया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।