हजारीबाग सेंट्रल जेल से 3 कैदी फरार, पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल; 12 जवान निलंबित

Spread the love

 हजारीबाग (झारखंड) : झारखंड के हजारीबाग स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण केंद्रीय कारा से तीन कैदी रहस्यमय तरीके से फरार हो गए। घटना सामने आने के बाद जेल प्रशासन एवं जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये तीनों कैदी धनबाद जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। हालांकि ये किन मामलों में बंद थे और उनकी सजा की स्थिति क्या थी,  इनके नाम क्या हैं, इसे लेकर अभी आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

बताया जा रहा है कि कैदियों ने जेल की पांच स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था को पार कर भागने में सफलता पाई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े हो गए हैं। घटना की पुष्टि जेल अधीक्षक चंद्रशेखर सुमन ने की है। पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए गए हैं और लापरवाही के आरोप में सुरक्षा में तैनात 12 पुलिस जवानों को निलंबित कर दिया गया है।

हजारीबाग की यह हाई सिक्योरिटी जेल कठोर सुरक्षा के लिए जानी जाती है और यहां कई कुख्यात एवं नक्सली कैदी भी निरुद्ध रहते हैं। ऐसे में तीन कैदियों का इस तरह फरार हो जाना प्रशासनिक व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया है।