
आदित्य कुमार
रामगढ़ कैंट, (झारखंड ) : 69वें नेशनल स्कूल गेम्स बास्केटबॉल प्रतियोगिता के लिए आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट के छात्र आदित्य कुमार का चयन झारखंड टीम में हुआ है। यह प्रतियोगिता 2 से 6 जनवरी 2026 तक राजस्थान के बाड़मेर जिले स्थित पी.एम. श्री एम.जी.जी.एस. स्कूल में आयोजित की जाएगी। आदित्य का चयन झारखंड शिक्षा परियोजना के तत्वावधान में रांची में आयोजित राज्य स्तरीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। चयन के बाद वे 30 दिसंबर को झारखंड टीम के साथ कोडरमा से बाड़मेर के लिए रवाना हो चुके हैं।
इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष ब्रिगेडियर दिग्विजय सिंह (सेना मेडल) ने आदित्य को शुभकामनाएँ दीं और उनके अनुशासन एवं खेल भावना की सराहना की। विद्यालय के प्राचार्य पंकज कुमार जैन ने भी बधाई देते हुए कहा कि आर्मी पब्लिक स्कूल, रामगढ़ कैंट में छात्रों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में उत्कृष्टता के लिए निरंतर प्रेरित किया जाता है।
विद्यालय के शिक्षकों ने भी आदित्य के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। इस सफलता से आर्मी पब्लिक स्कूल के साथ-साथ पूरे रामगढ़ (झारखंड) जिले में खुशी और गर्व का माहौल है।
