बैठक में कुल 21 पूर्व निर्धारित एजेंडों पर विस्तार से चर्चा की गई और उन्हें स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक की शुरुआत में हाल ही में स्थानांतरित होकर आए नए सीईओ विवेक कुमार सिंह ने परिषद के सदस्य सचिव के रूप में शपथ ग्रहण किया।
आय-व्यय विवरण को मिली मंजूरी
बैठक में मार्च और अप्रैल माह के आय-व्यय से संबंधित लेखा-जोखा को अनुमोदित किया गया। साथ ही विभिन्न प्रशासनिक और विकास कार्यों से जुड़े प्रस्तावों पर भी सहमति बनी।
रामगढ़ फुटबॉल मैदान में बनेगा मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
बैठक का सबसे महत्वपूर्ण निर्णय रामगढ़ फुटबॉल मैदान में मल्टी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के निर्माण का रहा। यह परियोजना जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (DMFT) फंड से पूरी की जाएगी। इसके निर्माण से क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
भवन नक्शा और म्यूटेशन प्रस्ताव स्वीकृत
परिषद ने ऑनलाइन जमा किए गए चार भवन निर्माण नक्शों को स्वीकृति दी। इसके अलावा भवन स्वामित्व नाम परिवर्तन (म्यूटेशन) से जुड़े दो मामलों को भी मंजूरी दी गई।
स्वच्छ जलापूर्ति और सफाई व्यवस्था पर जोर
बैठक में पाइपलाइन के माध्यम से स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही प्रतिदिन कचरा उठाव, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए।
सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट सुधार के निर्णय
क्षेत्र में नाली निर्माण एवं मरम्मत, सड़क निर्माण एवं जीर्णोद्धार तथा खराब स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया।
अधिकारी और कर्मचारी रहे उपस्थित
बैठक में कार्यालय अधीक्षक अनिल पासवान, कनीय अभियंता पिंटू कुमार, लेखापाल संजय कुमार, एसएन राव, स्वच्छता निरीक्षक नितिन ठाकुर सहित शंकर महतो, ओमप्रकाश चौहान और अन्य कर्मचारी मौजूद थे।