रामगढ़ (झारखंड) :रामगढ़ चैंबर सेवा ट्रस्ट के त्रिवर्षीय आम चुनाव में वर्ष 2026 से 2029 तक के लिए पदाधिकारियों का निर्विरोध निर्वाचन संपन्न हो गया। नाम वापसी की अंतिम तिथि तक किसी भी प्रत्याशी द्वारा अपना नामांकन वापस नहीं लेने के कारण चुनाव समिति ने सभी प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया।
निर्वाचित पदाधिकारी
चुनाव समिति द्वारा घोषित परिणाम के अनुसार:
विष्णु पोद्दार — अध्यक्ष
परशुराम साह — उपाध्यक्ष
प्रदीप कुमार गुप्ता — सचिव
मोहम्मद फिरोज — कोषाध्यक्ष
निर्वाचित पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से अनिल कुमार गुप्ता को सह सचिव मनोनीत किया।
चुनाव समिति ने दी जानकारी
चुनाव समिति के अध्यक्ष आनंद अग्रवाल ने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत सभी पांच पदों के लिए नामांकन प्राप्त हुए थे। नामांकन पत्रों की जांच के बाद सभी दस्तावेज सही पाए गए। नाम वापसी की तिथि तक किसी भी प्रत्याशी द्वारा नाम वापस नहीं लिए जाने के कारण सभी उम्मीदवारों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
इस अवसर पर चुनाव समिति के सदस्य प्रदीप सिंह भी उपस्थित थे।
प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित
निर्वाचित पदाधिकारियों को प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए आयोजित कार्यक्रम में ट्रस्ट के निवर्तमान अध्यक्ष दुर्गा प्रसाद सिंह (वकील सिंह), रामगढ़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष मनजीत साहनी, मानद सचिव मनोज चतुर्वेदी, सह सचिव इंद्रपाल सिंह सैनी सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में मनजी सिंह, पंकज तिवारी, सुरेश बगड़िया, राजेश अग्रवाल तथा अन्य सदस्य भी मौजूद थे।