कुजू (रामगढ़), झारखंड :कुजू कोयलांचल के डटमा बस्ती की बेटी निधि प्रसाद ने नई दिल्ली स्थित संसद भवन में आयोजित ‘नया विकसित भारत’ कार्यक्रम में झारखंड का प्रतिनिधित्व कर जिले और राज्य का गौरव बढ़ाया है। देशभर से पहुंचे प्रतिभागियों के बीच उन्होंने अपने विचारों और प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।
डटमा बस्ती निवासी दिलीप प्रसाद की पुत्री निधि प्रसाद ने कार्यक्रम के दौरान लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला तथा अन्य सांसदों की उपस्थिति में विकसित भारत के निर्माण, देश के समग्र विकास और नारी शक्ति की भूमिका पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया। उनके विचारों की उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं प्रतिभागियों ने सराहना की।
निधि की इस उपलब्धि से कुजू कोयलांचल सहित पूरे रामगढ़ जिले में खुशी का माहौल है। क्षेत्र के लोगों ने इसे झारखंड की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि निधि ने राष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर राज्य की बेटियों के लिए नई मिसाल कायम की है।
निधि प्रसाद ने अपनी सफलता को झारखंड की बेटियों को समर्पित करते हुए कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता केवल उचित अवसर और प्रोत्साहन की है। उन्होंने युवाओं से अपनी माटी, संस्कृति और पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर स्थापित करने का आह्वान करते हुए कहा कि मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के सामाजिक, शैक्षणिक एवं बुद्धिजीवी वर्ग के लोगों ने शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।