रामगढ़, झारखंड : इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से मंगलवार को जरूरतमंद फेरीवालों तथा ठेला-खोमचा लगाकर आजीविका चलाने वाले लोगों के बीच बड़े छातों का वितरण किया गया। सेवा कार्य का उद्देश्य धूप और बारिश के बीच खुले आसमान के नीचे अपना व्यवसाय करने वाले लोगों को राहत पहुंचाना था।
क्लब की सदस्यों ने जरूरतमंद लोगों को बड़े छाते उपलब्ध कराए, जिससे वे स्वयं के साथ-साथ अपने सामान को भी तेज धूप और बारिश से सुरक्षित रख सकें। क्लब की सदस्यों ने कहा कि समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों की सहायता करना तथा उनके दैनिक जीवन की कठिनाइयों को कम करना संस्था की प्राथमिकताओं में शामिल है।
छाते प्राप्त करने वाले लाभार्थियों ने इस पहल के लिए इनर व्हील क्लब के प्रति आभार जताया। उनका कहना था कि बदलते मौसम में छाता उनके लिए काफी उपयोगी साबित होगा और उन्हें अपने छोटे व्यवसाय को बिना बाधा जारी रखने में मदद मिलेगी।
इनर व्हील क्लब ऑफ रामगढ़ की ओर से समय-समय पर जरूरतमंद लोगों के लिए विभिन्न सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहे हैं। क्लब की इस पहल की स्थानीय लोगों ने भी सराहना की।
कार्यक्रम में क्लब अध्यक्षा श्वेता जैन, सचिव नवलजीत कौर, अयंगर, जसमीत सोनी, रेणु मेवाड़, निधि चौधरी, प्रियंका जैन, गुरबक्स सेनी, पिंकी बंसल सहित अन्य सदस्याएं मौजूद रहीं।